सीकर

डकैती का LIVE : ‘मेरी तो आवाज ही नहीं निकली, वे बार बार कह रहे थे जान से मार देंगे…’

www.patrika.com/sikar-news/
2 min read
Aug 25, 2018
Sikar Daketi Live : kacha baniyan gang
Sikar Daketi Live : kacha baniyan gang

सीकर. शहर में नेहरू पार्क के पास स्थित एक घर में शुक्रवार तडक़े डकैती की बड़ी वारदात हुई। यहां एक घर में घुसे कच्छा बनियान गिरोह के बदमाशों ने वहां सो रही महिला को चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारियों में रखे लाखों रुपए के गहने व नकदी पार कर ले गए। जाते वक्त ये लोग महिला को कमरे में बंद कर गए। सुबह वारदात का पता चलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।

वारदात की शिकार उषा माथुर की जुबानी

वारदात की शिकार उषा माथुर ने बताया कि ‘रात को वह अपने घर के मुख्य दरवाजे व अंदर के दरवाजे के ताला लगाकर सोई थी। खुद के कमरे को अंदर से बंद नहीं किया था। सुबह करीब चार बजे अचानक चार लडक़े कमरे में घुस गए। उसकी आंख खुलते ही एक ने उसे दबोच लिया और गले पर चाकू रख दिया।

वह कह रहा था कि हिलते ही गला काट देगा। एक लडक़े ने हाथ पकड़ लिए। उन्होंने पूछा कि घर के गहने व नकदी कहां रखे हैं और अलमारियों की चाबी कहां है। उसने कहा कि गहने बैंक के लॉकर में रखे हैं। इसके बाद बदमाशों ने एक अलमारी का ताला तोड़ दिया। मुझे तो दूसरी तरफ मुहं भी नहीं फेरने दिया। मेरे कानों की बालियां भी वे खींचकर तोडऩे लगे।

कानों में दर्द हुआ तो मैने खुद ही बालियां निकालकर उनको दे दी। घर से गहने व पैसे निकालने के बाद उन्होंने मेरा मोबाइल लिया और साथ लेकर जाने लगे। मैने मोबाइल के लिए मना किया तो एक बदमाश ने कहा कि इसको तोड़ दो या बैट्री निकाल दो। मैने उनको कहा कि मुझे बैट्री वापस नहीं लगानी आती है।

तब उन्होंने कमरे के बाहर मेरा फोन रखा और मेरे कमरे का गेट बंद करते हुए कहा कि यहां से ले लेना। उनके जाने के काफी देर बाद तक तो मेरी आवाज ही नहीं निकली। बाद में अपने आप को संभाला और पड़ौसियों को आवाज लगाई। जाते वक्त वे लोग यह भी कहकर गए कि तेरी सुपारी दी गई है जान से मार देंगे।

Published on:
25 Aug 2018 01:54 pm