भिलाई

सीकर के बच्चों ने पॉकेटमनी से खोला मिनी बैंक, इस नेक काम में खर्च करेंगे रुपए

भूमा बड़ा की शहीद नोपाराम आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मिलकर एक मिनी बैंक स्थापित किया है।
2 min read
Nov 10, 2016
sikar's student opened the mini bank from pocket money

खेल मैदानों की कमी से खेल से दूर रहने वाले बच्चों ने खेल के लिए नया बीड़ा उठाया है। बच्चे खेल मैदान का निर्माण स्वयं के खर्चे पर करने का प्रयास करेंगे। ताकि कोई भी विद्यार्थी खेलने से महरूम नहीं रहे और शिक्षा के साथ-साथ उनका सर्वांगिण विकास भी हो सके। हालांकि इस प्रयास में स्कूल के कई शिक्षक भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

जी हां, भूमा बड़ा की शहीद नोपाराम आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मिलकर एक मिनी बैंक स्थापित किया है। जिसमें वे अपनी पॉकेट मनी की राशि एकत्रित करेंगे और उन रुपयों से स्कूल में खेलों के नए मैदान तैयार करेंगे।

मिनी बैंक में जमा होने वाले पैसे से वे खेल सामग्री भी खरीदेंगे। ताकि स्कूल आने वाले बच्चे बेझिझक इनका इस्तेमाल कर सकें। फिलहाल मिनी बैंक में स्कूल के 70 के करीब विद्यार्थियों ने अपनी पॉकेटमनी का पैसा जमाया कराया है।

शुरूआती तौर पर इस राशि का उपयोग मैदानों का लेवल बराबर करने के लिए ट्रेक्टर खर्च में करेंगे। बच्चों ने मिलकर तीन छात्राओं को इस मिनी बैंक की जिम्मेदारी सौंपी है। भागोती को मैनेजर, अंजू को कैश्यिर व पूजा को क्लर्क व सहयोगी के रूप में नीतू शर्मा, अनीशा, शर्मिला, प्रियंका जांगिड़, सुनील, विजेंद्र को सहयोगी चुना गया है।

सहयोग में आए आगे

स्कूल के शिक्षक श्रीराम पिलानिया ने बताया कि बच्चों की इस अनूठी पहल को देखकर कई लोग सहयोग के लिए आगे आए हैं। हवलदार सुल्तान सिंह, रामचंद्र, रतन ढाका, फूसाराम, बनवारी ढाका, पवन व झाबरमल भूकर ने आश्वस्त किया है कि बनाए जा रहे खेल ट्रेक में बच्चों की जितनी मदद होगी वे करेंगे।


स्टेशनरी की है पहले से सुविधा

सहयोग से स्कूल में स्टेशनरी की स्टॉल भी संचालित की जा रही है। जिनमें पैंसिल, पेन, रबड़ सहित शिक्षण सामग्री को रखा हुआ है। ताकि स्टेशनरी खरीदने के लिए बच्चों को बाहर चक्कर नहीं काटने पडे़ और वाजिब दाम में उन्हें सुविधा भी हासिल हो सके।

Published on:
10 Nov 2016 11:48 am