
सीकर। उपजिला प्रमुख पद के चुनाव के दौरान गुरुवार को जिला परिषद परिसर में जमकर हंगामा हुआ। एक तरफ कांग्रेस प्रत्याशी रमेश बेरवाल ने भाजपा के बाबूलाल गुर्जर को बड़े अंतर से हराकर उपजिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की, वहीं दूसरी तरफ पुलिस और वकीलों के बीच टकराव ने माहौल गरमा दिया। वकील महेंद्र के साथ कोतवाली थाना प्रभारी सुनील जांगिड़ पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए वकीलों ने नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसमें जिला परिषद का बाईं तरफ का गेट टूट गया। बाद में वकील धरने पर बैठ गए। मौके पर स्थिति संभालने के लिए क्यूआरटी को भी बुलाना पड़ा।
उपजिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने रमेश बेरवाल को प्रत्याशी बनाया था, जबकि भाजपा की ओर से बाबूलाल गुर्जर मैदान में थे। मतगणना में कांग्रेस के रमेश बेरवाल को 37 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल गुर्जर को 12 मत प्राप्त हुए। इस तरह रमेश बेरवाल ने 25 वोट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। रमेश बेरवाल वार्ड संख्या 7 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्हें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का करीबी माना जाता है। जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया। इस दौरान जिला प्रमुख सुनीता गठाला भी भावुक नजर आईं।
हंगामे की शुरुआत उस समय हुई, जब कांग्रेस के प्रत्याशी मतदान स्थल की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान वकील महेंद्र एंट्री गेट के पास खड़े थे। आरोप है कि कोतवाली एसएचओ सुनील जांगिड़ ने उनके साथ अभद्रता की। इसके विरोध में वकील जिला परिषद परिसर के बाहर एकत्र हो गए और पुलिस अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें गेट के अंदर जाने से रोका तो स्थिति और बिगड़ गई। पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच धक्का-मुक्की हुई और इसी दौरान जिला परिषद का बाईं तरफ का गेट टूट गया।
इसके बाद वकील गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। बाद में वे एसपी कार्यालय के बाहर भी पहुंच गए। वकीलों ने एसएचओ को निलंबित करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि अब केवल माफी मांगने से काम नहीं चलेगा। जब तक कार्रवाई नहीं होगी, उनका विरोध जारी रहेगा। घटनाक्रम के दौरान जिला प्रमुख सुनीता और नवनिर्वाचित उपजिला प्रमुख रमेश बेरवाल भी वकीलों के समर्थन में धरनास्थल पर पहुंचे।
इससे पहले कांग्रेस जिला परिषद सदस्यों की बस एसपी कार्यालय के गेट पर पहुंची थी। वहां गोकुलपुरा एसएचओ राजाराम लेघा ने एसपी की गाड़ी आने का हवाला देते हुए बस हटाने को कहा। इस पर जिला प्रमुख सुनीता के पति धर्मेंद्र ने एसपी के दो मिनट में आने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बाद में अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
गौरतलब है कि बुधवार को सीकर जिला प्रमुख पद के चुनाव में भी राजनीतिक समीकरण बदले थे। कांग्रेस के पास 36 सदस्य थे, लेकिन प्रत्याशी को 33 वोट मिले। वहीं भाजपा के पास 11 सदस्य होने के बावजूद उसके प्रत्याशी को 16 वोट प्राप्त हुए। इसके बाद कांग्रेस की सुनीता गठाला जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थीं। अब उपजिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस की जीत के साथ जिले की जिला परिषद में दोनों प्रमुख पद कांग्रेस के पास आ गए हैं।