
जैन मुनि आचार्य सुकुमालनन्दी ने कहा है कि अहिंसा का मतलब कायरता नहीं। हालांकि यह सही है कि कोई नुकसान करे, तो प्रतिकार नहीं करे, लेकिन देश की सरहद पर यह नियम लागू नहीं होता। सरहद पर सैनिक ने ईट का जबाव पत्थर से नहीं दिया, तो देश की सुरक्षा में कमी आएगी। अहिंसा का मतलब यह नहीं है कि कोई हमें मार रहा है तो हम मार खाते रहे। अहिंसा का मतलब यह है कि चलकर सामने से जीव की हत्या नहीं करे। विरोधी हिंसा को जैन दर्शन कभी इनकार नहीं करता। पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेने आए सुकुमालनन्दी ने राजस्थान पत्रिका से विशेष बातचीत में यह बात कही। जैन मुनि ने देश की वर्तमान स्थिति, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, समाज और राजनीति के गिरते मुल्यों पर जवाब दिए। साथ ही युवओं को ....आंखों में उड़ान है तो आसमां तुमसे दूर नहीं...पैरों में हिम्मत है तो मंजिल दूर नहीं। जैसे शब्दों के साथ प्रेरणा भी दी। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश...
धर्म क्या है...?
उत्तर- मंदिर में जाना। घंटी बजाना। पूजा-सत्संग ये धर्म के साधन है। आत्मा को शुद्ध व निर्मल करने का नाम धर्म है। आत्मा को शुद्ध करने के लिए ही संत तपस्या करते हैं, लेकिन लोगों ने धर्म को भागों में बांट दिया। हिन्दू, मुसलमान, सिख, इसाई ये धर्म की परिभाषा नहीं है।
पत्रिका- युवा वर्ग धर्म से विमुख होता जा रहा है।
युवाओं को धर्म से कै से जोड़ा जा सकता है?
उत्तर-देश का युवा धर्म की सही परिभाषा ही नहीं जानता। एेसे में सर्व प्रथम इसके कारणों की तरफ ध्यान देना होगा। युवाओं को धर्म से विमुख करने का सबसे बड़ा कारण नशा है। हमने कई युवाओं को नशे से दूर किया तो उनके घर में सुख शांति हो गई। इसके बाद उन्हें माता-पिता और गुरू के प्रति कर्तव्य बताने होंगे।
संलेखना पर आपका क्या मत है। रणनीति क्या?
उत्तर- संलेखना हर धर्म में हैं। हिन्दू समाज में भी समाधि की व्यवस्था रही है। लेकिन सरकार ने संलेखना को आत्महत्या के समान बता दिया था। एेसे में जैन समाज ने एकजुटता दिखाई। हर व्यक्ति अंतिम समय में भगवान का नाम लेकर मरना चाहता है। संलेखना 12 वर्ष तक की जाती है। आत्मा की निर्मलता के लिए व्यक्ति एक-एक वस्तु का त्याग करता है। सरकार को समझाने का प्रयास किया जाएगा कि यह तुरंत घटने वाली घटना नहीं है।
सिद्धांतों को आमजन तक कैसे पहुंचाया जाएगा?
उत्तर- जैन दर्शन में कहा गया है कि हिंसा को कभी हिंसा से नहीं जीता जा सकता है। हिंसा से बात बढ़ती जाएगी। सरकार को आतंकवाद जैसे मामलों की वजह पता करनी चाहिए। आखिर क्यों उन्होंने सामान्य जीवन जीने वालों को परेशान कर रखा है। रहीं भ्रष्टाचार की बात। धन के प्रति आशक्ति व्यक्ति से पाप करवाती है। जैन धर्म के सिद्धांत अपना लिए जाए तो शांति हो सकती है। इसके लिए साधु-संतों के उपदेशों का प्रचार किया जाए। अब तो विदेशी लोग भी यह जानना समझना चाहते हैं।
लिव इन रिलेशनशिप प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है...
उत्तर-समाज को अनुशासित रखने का काम संतों का भी है। समाजिक व्यवस्था और मान्यताओं के टूटने से समाज का संतुलन बिगड़ता है। इसे रोकने के लिए युवाओं को धर्म का महत्व समझाया जाना चाहिए। अब तो हमारी संस्कृति और दर्शन को विदेशी भी मानने लगे हैं। युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति की बजाय धर्म का पोषण, आत्मा का विशुद्धिकरण और संस्कृति की सुरक्षा करने वाली परंपराए समझानी चाहिए।
कन्या भ्रूण हत्या पर कैसे विराम?
उत्तर- भ्रूण हत्या किसी महापुरुष को धरती पर आने से पहले ही रोकना है। क्या पता वह पैदा होकर कितना बड़ा महापुरुष बने। इसके लिए समाज को जागृत होना होगा।
...जैन समाज को अल्पसंख्यक का दर्जा लेना पड़ा?
उत्तर-जैन समाज के लोगों ने हमेशा सरकार का सहयोग किया है। सरकार की सुदृढता की कामना की है। सरकार ने अपना दायित्व निभाया है। समाज ने कहीं कोई तोड़ फोड़ थोड़े की है। सरकार के साथ समाज भी सुदृढ़ रहे।
क्या संतों की राजनीति पर पकड़ कमजोर हो गई है?
उत्तर-संत की अपनी मर्यादा होती है। सुख और शांति के लिए संत का दायित्व है कि वह राजनेताओं को भी अपनी मर्यादा और कर्तव्य समझाए। लेकिन अब संतों की राजनीतिक पकड़ कमजोर हो गई है। राजनेता भी अब स्वयं को बड़ा समझने लगे हैं। नेता संतों के पास जाने से कतराते हैं। पहले सलाह मशवरा किया करते थे। अब इसका दुष्परिणाम सबके सामने हैं। इस देश का राजनेता सुधर जाए तो यह निश्चित है कि देश की जनता भी सुधर जाएगी।