
पाटन। जीलो गांव में गुरुवार को गुरु शिष्य का रिश्ता एक बार फिर तार-तार हो गया। यहां के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ने कक्षा आठवीं में अध्ययनरत एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत कर दुष्कर्म का प्रयास किया।
मामले के अनुसार जीलो गांव के राजकीय विद्यालय में गुरुवार को मध्यांतर के समय शिक्षक श्रवण कुमार ने कक्षा आठ में पढऩे वाली एक बालिका को कार्यालय में बुलाया। उस समय कार्यालय में दूसरे शिक्षक व विद्यार्थी भी नहीं थे।
छात्रा को बुलाने के बाद शिक्षक ने उसके साथ अश्लील हरकत कर उसके कपड़े उतरवा लिए तथा उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बालिका के चिल्लाने पर अन्य दूसरी छात्राएं वहां आ गई जिसके बाद शिक्षक वहां से फरार हो गया।
बालिका के घर आने पर परिजनों ने जब उसे उदास देख कर पूछताछ की तो उसने सारी बात बताई। देर रात होने से परिजन पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवा पाए तथा शुक्रवार को पाटन थाने में पहुंचे। पुलिस ने देर रात पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया। थाना अधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस साल में दूसरा मामला
जिले में शिक्षकों के गुरु शिष्य संबंधों को कलंकित करने का यह दूसरा उदाहरण है। इससे पहले नीमकाथाना इलाके के ही एक सरकारी शिक्षक का ऑडियो वायरल हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन भी किया था। इस संबंध में पुलिस शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखेगा।