
दांतारामगढ़.
दांतारामगढ़ के अहीरकाबास में एक भामाशाह ने अपने माता पिता की याद में मंदिर बनवाया है। अब गांव वाले मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करवा रहे हैं। अहीरकाबास में भामाशाह भंवरलाल यादव ने श्री कृष्ण के भव्य मंदिर का निर्माण अपने पिता निर्भराम यादव व माताजी झूमर देवी की याद में करवाया है। श्री कृष्ण के इस भव्य मंदिर में राधा कृष्ण, हनुमानजी व शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके अलावा शीतलामाता व पाबूजी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा पास के मंदिर में होगी। भामाशाह भंवरलाल यादव मेघालय प्रवासी हैं जहां उनका कपड़े का व्यवसाय है।
यू मिली प्रेरणा
भंवरलाल यादव की माताजी झूमर देवी का निधन करीब दो साल पहले हो गया था। शोक की बैठक के दौरान ही ग्रामीणों ने गांव के जीर्णशाीर्ण मंदिर का जीर्णोद्धार करवाने का प्रस्ताव यादव के पास रखा तो यादव ने प्रस्ताव को स्वीकार कर निर्माण शुरू करवा दिया। पुराने मंदिर की करीब सात- आठ फीट नीचे तक की खुदाई कर पूरा मंदिर नया बनवा दिया। मंदिर दो साल में बनकर अब तैयार हुआ।
Read More :
प्राण प्रतिष्ठा 10 को
अहीरकाबास में नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा 10 मई को होगी। कार्यक्रम संयोजक मुकेश यादव ने बताया कि आठ मई को विशाल कलश यात्रा के साथ समारोह का शुभारम्भ होगा। आठ मई को प्रात: आठ बजे रामगढ़ बाईपास से कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन देवस्थापना व पूजन, शाम को सुन्दरकाण्ड पाठ होंगे। नौ मई को हवन एव रात को भजन संध्या होगी। दस मई को प्रात: नौ बजे प्राण प्रतिष्ठा,यज्ञ एवं पूर्णाहुति, संतों का प्रवचन, दोपहर में सम्मान समारोह व इसके बाद भंडारा होगा। रैवासा पीठाधीश्वर राघवाचार्य महाराज, बरड़ाधाम के सीतारामदास महाराज, पलसाना के मनोहरण शरण शास्त्री व लोहार्गल के रामकिशोरदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा में अनेक जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।