
परिवार जयपुर शादी में गया हुआ था और पीछे से चोर मकान के ताले तोड़कर करीब ढाई लाख रुपए के गहने व 10 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। परिवार जब वापस आया तो चोरी की घटना का पता चला। चोरी का सारा घटनाक्रम घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। चोर अपने मुंह पर मुखौटा लगाकर साइकिल पर सवार होकर आया था, जिससे कि उसकी पहचान नहीं हो सके। पीड़ित ने थाना में मामला दर्ज कराया है।
पूरा मकान खंगाल लिया
उद्योग नगर थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित मकान मालिक भंवर सिंह 48 वर्ष निवासी चिड़िया टीबा, सीकर ने बताया कि मकान मालिक अपने परिवार के साथ जयपुर में अपने भांजे की शादी में भात भरने के लिए गए हुए थे। सूने मकान के ताले तोड़ कर एक चोर मकान में घुसा और आलमारी, ड्रेसिंग, बक्सा आदि के साथ ही पूरे मकान को खंगाल लिया। चोर अलमारी से करीब ढाई लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गया।
चोर ने कार्टून वाले सफेद कपड़े पहने हुए हैं
परिवार दूसरे दिन जब घर आया तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे और गहने व नकदी गायब थी। मकान का सारा सामान फैला हुआ था। मकान मालिक ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चैक किए तो उनके घर में एक साइकिल सवार चोर आता हुआ दिखाई दे रहा है। चोर साइकिल लेकर आया था और उसने कार्टून वाले सफेद कपड़े पहने हुए थे और चेहरे पर भी मुखौटा लगाया हुआ था। सीसीटीवी कैमरे में चोर मकान में आता-जाता हुआ दिखाई दे रहा है।