सीकर

सब्जी बाजार में इसलिए आई बहार

तापमान में गिरावट के साथ ही सब्जियों की पैदावार में बढ़ोतरी हुई है, इससे शहर की थोक व खुदरा मंडी में इन दिनों भरपूर आवक हो रही है।
less than 1 minute read
Feb 02, 2019
sikar news
सब्जी बाजार में इसलिए आई बहार

सीकर.

तापमान में गिरावट के साथ ही सब्जियों की पैदावार में बढ़ोतरी हुई है, इससे शहर की थोक व खुदरा मंडी में इन दिनों भरपूर आवक हो रही है। इससे सब्जियों के दामों में भी कमी आई है। पिछले एक सप्ताह में लगभग सभी के दाम में 20-30 फीसदी की कमी आई है। भाव में गिरावट का सबसे ज्यादा असर गोभी पर देखने को मिल रहा है, जो एक सप्ताह में ही 25 रुपए से लुढक़ कर 8-10 रुपए प्रति किलो पर आ गया है। थोक में तो यह 4-6 रुपए किलो ही बेचा जा रहा है। थोक व्यापारियों के अनुसार सीकर शहर सहित आसपास से इन दिनों फूल गोभी की आवक तेज है। इससे गोभी के भाव में लगातार गिरावट आ रही है। मजबूरी में थोक मंडी से गोशालाओं में गोभी भेजनी पड़ रही है।
शहर में इन सब्जियों की आवक बढ़ी
थोक व्यापारी रतनलाल सैनी ने बताया कि सीकर कृषि उपज मंडी में स्थानीय सब्जियों की आवक भरपूर है। टमाटर के थोक भाव आठ से नौ रुपए से बढकऱ अब 12 से 13 रुपए प्रति किलो है। टिंडे के पहले दस से 12 रुपए थे जो अब 15 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। सब्जी विक्रेता इमरान ने बताया कि शादी-समारोह का सीजन है, इसलिए खीरे की डिमांड है। ऐसे में इन दिनों इसके भाव में इजाफा हुआ है। चायनीज खीरा 30-35 रुपए की जगह अब 40 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया। देशी खीरा के थोक भाव 15-20 था अब 20-25 रुपए किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। इस सीजन में सब्जियों की अच्छी आवक हुई। इससे भावों में कमी आ रही है।
सब्जियों के खुदरा भाव (रुपए प्रति किलो में)
फूल गोभी 8-10
मटर 20-25
आलू 12-15
खीरा 40-50
लोकी 15-20
शिमला मिर्च 30
पत्तागोभी 8-12
टमाटर 20-25
नींबू 50-65
अदरक 90-100
गाजर 8-10
बैंगन 20-30

Published on:
02 Feb 2019 05:29 pm