सीकर

जमीन खरीदने के लिए किया ये कारनामा, स्टांप वेंडर के मरने के छह साल बाद खरीद लिए स्टांप

फर्जी स्टाम्प से जमीन हड़पने का प्रयास, इस्तगासे से दर्ज हुआ मामला
2 min read
May 08, 2019
sikar news
जमीन खरीदने के लिए किया ये कारनामा, स्टांप वेंडर के मरने के छह साल बाद खरीद लिए स्टांप

फतेहपुर.

कस्बे में फर्जी तरीके से जमीन खरीदने का मामला सामने आया है। इसमें आरोपियों ने स्टांप वेंडर के मरने से छह साल मृत स्टांप वेंडर से स्टांप खरीद लिए। मामले का खुलासा होने पर पीडि़त के बेटे ने कोर्ट की शरण ली। इस मामले में एक व्यक्ति ने कोतवाली थाने में इस्तगासे से आधा दर्जन लोगों के खिलाफ फर्जी स्टाम्प और कागजात से जमीन हड़पने की कोशिश करने का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि वार्ड 40 निवासी मोहम्मद अली पुत्र हुसैन खां ने फतेहपुर के दौलताबाद निवासी हरफूल सिंह पुत्र अमराराम, लक्ष्मणगढ़ निवासी जैतुन पत्नी रज्जाक, लक्ष्मणगढ़ निवासी रहिशा पुत्र अब्दुर्रज्जाक, फतेहपुर के वार्ड नौ निवासी इस्माइल पुत्र हाजी गुलाम व सोवा का बास निवासी रामप्रसाद पुत्र दौलाराम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है। इस्तगासे में बताया कि मोहम्मद अली ने 3 अगस्त 2017 को कस्बे के वार्ड 7 निवासी जुबेर पुत्र रमजानु से उसकी कृषि भूमि में से उसके हिस्से की 594.79 गज भूमि खरीदी थी। इसका उल्लेख उप पंजीयक कार्यालय में भी है, इसके बाद मोहम्मद अली ने उक्त भूमि पर निर्माण कर अपना व्यवसाय शुरू किया था। इस्तगासे में मोहम्मद अली ने बताया कि एक अक्टूबर 2017 को हरफूल पुलिस के साथ वहां आया और कहा कि इस भूमि उसकी खरीदी हुई है, जल्द ही खाली कर दें नहीं झूठे मुकदमें में फंसाकर खाली करवा लेंगे। इसके बाद से वह लगातार मुस्तगिस को धमकी दिलाता रहा व भूमि खाली करने की बात कहता रहा है। उसके बाद आरोपी ने तीन कागजात भेजे जो कि आरोपी जैतुन व रहिसा बाना से क्रय किए हुए थे। कागजात की जांच की गई तो वह फर्जी पाए गए। यह इकरारनामा 10 नवंबर 1995 व 20 अक्टूबर 2004 के है। जांच में विक्रेता जुबेर ने बताया कि उसके पिता के फर्जी हस्ताक्षर से फर्जी इकरारनामा बनाया गया है। इसके बाद स्टाम्प की सत्यता की जांच में पाया गया कि सीकर के स्टाम्प विक्रेता सीताराम शर्मा से दिनांक 20.10.2004 को स्टाम्प खरीदा गया है, जबकि स्टाम्प वेंडर की मृत्यु 4.2.1998 को ही हो गई थी। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच कोतवाल उदय सिंह कर रहे हैं।

Published on:
08 May 2019 06:03 pm