सीकर

जेल में बनाता था प्लान, प्रदेशभर में दर्ज हैं 37 मुकदमें

वाहन चोरी का मास्टर माइंड पकड़ा गया, चुराए 125 से ज्यादा वाहन
2 min read
Dec 17, 2018
sikar vichel thief catch
जेल में बनाता था प्लान, प्रदेशभर में दर्ज हैं 37 मुकदमें


लग्जरी गाडिय़ों का शौकिन है गढ़टकनेत का शातिर आरोपित
सीकर. पुलिस ने राज्य स्तरीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसे रिमांड पर लिया है। गढ़टकनेत के आरोपित रामवतार उर्फ नारेल पुत्र रामदयाल ने जब पूछताछ में राज उगले तो हकीकत सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरत में आ गए। सामने आया है कि चौपहिया वाहन चुराने वाला मास्टर माइंड अब-तक सवा सौ के करीब वाहन चुरा चुका है। जिसमें कई लग्जरी गाडिय़ां शामिल हैं और आरोपित के खिलाफ प्रदेशभर के थानों में वाहन चोरी, डकैती, आम्र्स एक्ट, अपहरण, लूट व नकबजनी के 37 मामले दर्ज हैं। जिनकी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
एसके अस्पताल चौकी प्रभारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि गत तीन-चार माह से शहर से चौपहिया वाहनों की चोरी की वारदातें अचानक बढ़ गई थी। जिनको लेकर पुलिस भी सकते में थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा व सीओ सीटी गिरधारीलाल शर्मा ने पुलिस की विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने साइबर सैल सीकर की मदद से राज्य स्तरीय वाहन चोर सरगना रामवतार जाट निवासी गढ़टकनेत पुलिस थाना अजीतगढ़ को उस समय दबोच लिया। जब वह होटल बगीया के पास खाना खाने के लिए पहुंचा। बोलेरो केंपर की वारदात में शामिल होने पर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसको न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया तो उसने कबूला कि वह जेल में रहने के बावजूद वह वाहन चोरी की साजिश रचता और अपने सहयोगियों के बलबूते वाहन चुराकर उसे बेचने तक की योजना बनाता था। करीब सवा सौ चौपहिया वाहन वह अपनी गैंग के जरिए अब-तक चुरा और बेच चुका है।
कई बार जा चुका है जेल
जांच अधिकारी सुनील जांगिड़ के तहत शातिर वाहन चोर रामवतार की उम्र करीब 30 साल है। लेकिन, पूछताछ में सामने आया है कि वह जेल में करीब 13 साल बिता चुका है। इसके बाद भी वह अपनी आदत से बाज नहीं आया और जेल में बैठे-बैठे भी वाहन चोरी की योजना बनाता रहा। हालांकि रामवतार ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है। आरोपित लग्जरी गाडिय़ों का शौकिन मिजाज बताया जा रहा है।
सहयोगियों की तलाश
पुलिस के अनुसार आरोपित रामवतार के गिरोह में कई लोग शामिल हैं। जिनके बारे में पूछताछ कर उनके सुराग तलाशे जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि मित्तल अस्पताल के पास हाल ही में चोरी हुई दो बोलेरो केंपर में भी आरोपित का हाथ है। इसके अलावा आरोपित रामवतार से सीकर शहर के अलावा अन्य स्थानों पर की गई वाहन चोरी की वारदातों का खुलासे का भी इंतजार भी पुलिस को है
पुलिस कहती है
वाहन चोरी के मास्टर माइंड रामवतार से पूछताछ जारी है। इसके बाकी साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपित से वाहन चोरी के और भी कई खुलासे हो सकते हैं।
वीरेंद्र कुमार शर्मा, शहर कोतवाल सीकर

डेमो पिक्स

Published on:
17 Dec 2018 05:41 pm