मंत्री ममता भूपेश व डोटासरा ने गुब्बारे उड़ाकर किया शुभारंभ: तीन दिवसीय शेखावाटी उत्सव का आगाज
लक्ष्मणगढ़. अंचल के पहले शेखावाटी उत्सव का आगाज शनिवार को समारोहपूर्वक हुआ। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ महिला व बाल कल्याण विकास मंत्री ममता भूपेश तथा पर्यटन राज्य मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने हवा में गुब्बारे उड़ाकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला व बाल कल्याण विकास मंत्री ममता भूपेश ने शेखावाटी उत्सव को पर्यटन के लिहाज से मील का पत्थर करार दिया। भूपेश ने कहा कि प्रदेश की गहलोत सरकार ने राजस्थान के अन्य संभागों में भी पर्यटन को बढ़ावा देने का बीड़ा उठाया है। यही कारण है कि उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से अहम मानते हुए अंचल में शेखावाटी सर्किट बनाने के लिए 100 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। भूपेश ने इस मौके पर शेखावाटी की लोक संस्कृति को सबसे खुबसुरत बताते हुए इसे सहेजने व संरक्षित करने की अपील भी की।
पर्यटन राज्य मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि यह पहला शेखावाटी मेला लक्ष्मणगढ़ की जनता के आशीर्वाद व प्यार का ही परिणाम है। डोटासरा ने इस मौके पर जनता का आभार जताते हुए आगे से हर साल शेखावाटी उत्सव करवाने की घोषणा भी की। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आशीर्वाद से लक्ष्मणगढ़ राज्य में सबसे ज्यादा विकास कार्यो वाला उपखंड बनने की ओर अग्रसर है। उन्होने कहा कि आने वाले एक साल में इलाके में सवा सौ करोड़ के विकास कार्य होगें।
इस दौरान डोटासरा ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र को मिली विशेष उपलब्धियों का बखान भी किया। डोटासरा ने अल्प समय में शेखावाटी उत्सव आयोजित करवाने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों का आभार भी जतायाा। कार्यक्रम को पर्यटन विभाग के निदेशक निशांत जैन, जिला कलेक्टर अविचल चतुर्वेदी, एसपी कुंवर राष्ट्रदीप, जयपुर के आदर्श नगर विधायक रफीक खान, फतेहपुर विधायक हाकम अली आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में रघुनाथ बालिका स्कूल व बगडिय़ा स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। इससे पहले सुबह के सत्र में नगर के मुख्य मार्गो से शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष मुस्तफा कुरैशी, उपाध्यक्ष बनवारी पांडे, प्रधान मदन सेवदा, उपखंड अधिकारी कुलराज मीणा, पुलिस उपाधीक्षक श्रवण सिंह झोरड़, तहसीलदार भीमसेन सैनी, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक देवेन्द्र चौधरी, आलोक त्रिपाठी, नेछवा प्रधान संतरा देवी, पार्षद पवन बूंटोलिया, शबाना सैयद सहित काफीगणमान्यजन मौजूद थे।
भूपेश ने डोटासरा की जमकर की तारीफ
कार्यक्रम में मंत्री ममता भूपेश ने शिक्षा मंत्री डोटासरा की जमकर तारीफ की। भूपेश ने कहा कि पहली बार विधानसभा में इतना मजबूत लीडर देखा जो अपनी कार्यशैली के बलबूते सीएम तक को अपने क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के लिए मजबूर कर रहा है। भूपेश ने बताया कि डोटासरा की मजबूती का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बजट भाषण की हर दूसरी घोषणा में लक्ष्मणगढ़ का नाम दोहरा रहे थे।
आज यह रहेगा कार्यक्रम
उपखंड अधिकारी डॉ कुलराज मीणा ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े सात बजे हेरिटेज वॉक होगी, जो ऐतिहासिक गढ़ की तलहटी से शुरू होकर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम तक जाएगी। स्टेडियम में सुबह साढ़े नौ बजे से पारम्परिक खेलों रुमाल झपट्टा, सतोलिया, मटका दौड़, चंगढप्प, गैर नृत्य, भपंग वादन, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं होंगी।
यह रहे विजेता
महोत्सव के दौरान कबड्डी, ऊंट व घोड़ानृत्य, रस्साकश्शी, तीनटांग दौड़, दादापोता दौड़, नगाड़ा वादन, चंग-ढप्प, साफाबांध एवं रंगोली प्रतियोगिताएं हुई। रामस्वरूप सैनी व रामचंद्र नारनौलिया ने बताया कि कबड्डी में दिसनाऊ, ऊंट व घोड़ानृत्य में मांगीलाल, तीनटांग दौड़ में यजवंती व निकिता, दादापोता दौड़ में शिवपाल व रोहित विजेता रहे। रंगोली प्रतियोगिता में अनु टेलर व शालिनी तथा मेहन्दी प्रतियोगिता में नीलिमा शर्मा विजेता रही।