सीकर

पहाड़ी का हिस्सा गिरने पर दो मजदूरों की मौत: आठ लोगों पर आया भूख का संकट, शादी की खुशी में खलल

सीकर के खाटूश्यामजी थाना इलाके के खातीवास गांव में अवैध खनन के दौरान पहाड़ी का हिस्सा गिरने से दो मजदूरों की गई जान ने एक परिवार की खुशी तो दूसरे का खाना छीन लिया।

3 min read
Feb 16, 2024
पहाड़ी का हिस्सा गिरने पर दो मजदूरों की मौत: आठ लोगों पर आया भूख का संकट, शादी की खुशी में खलल

सीकर के खाटूश्यामजी थाना इलाके के खातीवास गांव में अवैध खनन के दौरान पहाड़ी का हिस्सा गिरने से दो मजदूरों की गई जान ने एक परिवार की खुशी तो दूसरे का खाना छीन लिया। पत्थरों के नीचे दबकर तड़पते हुए जान गंवाने वाले मृतक पप्पू गुर्जर के परिवार में तीन दिन पहले हुई तीन शादियों की खुशी में खलल पड़ गया, तो जितेंद्र की मजदूरी से ही पल रहे उसके आठ सदस्यों के परिवार पर भूख का संकट गहरा गया। दोनों मजदूरों की चिता के साथ सुलगी परिवार में चिंता की आग में उनके घर दिनभर चीत्कारों से दहलते रहे।

तीन दिन पहले ही हुई थी बेटे की शादी
हादसे में मृतक मजदूर पप्पू गुर्जर के बेटे की तीन दिन पहले ही शादी हुई थी। 11 फरवरी को पप्पू और उसे भाई के बेटे की एक साथ शादी हुई थी। 12 फरवरी को मृतक की भांजी की शादी थी। लेकिन, खुशी के इस माहौल को तीन दिन में ही गम ने अपने आगोश में लेे लिया।

बीमार मां के साथ अपने व भाई परिवार को पाल रहा था जितेन्द्र
जितेंद्र की मौत ने उसके परिवार को भारी परेशानी में ला दिया है। खराब माली हालत वाले उसके परिवार में पिता की काफी पहले ही मौत हो चुकी थी। मां भी मानसिक रूप से बीमार है। बड़ा भाई भी पिछले चार साल से घर नहीं लौटा। ऐसे में जितेंद्र पर खुद की पत्नी, दो बच्चों के साथ बीमार मां और बड़े भाई की पत्नी व दो बच्चों की पेट भरने की जिम्मेदारी थी। उसकी मजदूरी से ही आठ सदस्यों का परिवार जैसे- तैसे दो समय के भोजन का जुगाड़ कर पा रहा था। उसकी मौत से अब उस परिवार पर भूखे रहने तक का संकट आ गया है। ऐसे में परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

बारात छोडकऱ गया मजदूरी करने
जितेंद्र के परिवार में भी बुधवार को बेटी की शादी थी। जिसमें बारात आने के बाद वह बारातियों को खाना खिलाकर रात को मजदूरी करने चला गया था। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।

रातभर चलता रहा ट्रेक्टर
नजदीकी लोगों के मुताबिक हादसा आधी रात से पहले ही हो गया था। आधी रात से पहले ही आसपास के लोगों ने कम्प्रेसर की आवाज सुनी थी। यहां कम्प्रेसर ब्लास्टिंग मशीन से अवैध खनन का कार्य किया जा रहा था। इसके बाद केवल ट्रेक्टर के चलने की ही आवाज आ रही थी। हादसे के बाद भी ट्रेक्टर चलता रहा और अलसुबह के करीब बंद हो गया था। लोगों के अनुसार ट्रेक्टर में तेल खत्म होने से अपने आप ही बंद हुआ था।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रेक्टर गायब
हादसे का पता सुबह आठ बजे के करीब ग्रामीणों को चला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही ट्रैक्टर मालिक ट्रैक्टर और कंप्रेसर मशीन को मौके से उठा ले गया। अभी तक पुलिस ने ट्रेक्टर और कंप्रेसर मशीन को जप्त नहीं किया है।

अवैध खनन ले रहा जानें, प्रशासन बना रहा बहानें
जिले में अवैध खनन लगातार जानें ले रहा है। जबकि प्रशासन लगातार बचने के बहाने बना रहा है। खातीवास में खान दूसरी बार दो जानें ले चुकी है। घटना स्थल से कुछ दूरी पर ही पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध खनन करते हुए अब तक यहां पर आधा दर्जन से ज्यादा मौतें हो चुकी है। इसके बावजूद भी प्रशासन की ओर से अवैध खनन को लेकर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जा रही। मामले में गुरुवार को भी जब खनन विभाग के अधिकारियों से पत्रिका ने बात करना चाही तो अधिकारियों ने फोन ही नहीं उठाए। एमई रामलाल से बात करने का प्रयास किया गया तो पहल उनका फोन व्यस्त और बाद में स्विच ऑफ बताने लगा। कुछ देर बाद ऑन हुआ तो भी उन्होंने फोन नहीं उठाया। इधर डिप्टी महावीर सिंह ने भी फोन रिसीव नहीं किया। इससे पहले 2021 में बाज्यावास गांव में भी एक खदान में डूबने से दो युवक वीरेन्द्र व राजेन्द्र सिंह और सुरेरा में दो बच्चों अजय व नवीन की सडक़ किनारे बने खदान में डूबने से मौत हो गई थी। खंडेला में भी अगस्त 2022 में खदान के पानी में डूबने से मामा- भांजा सेवली निवासी श्रवण कुमार गुर्जर(17) और हात्याज निवासी सुनील कुमार गुर्जर(16) की मौत हो गई थी।

अभियान के दौरान भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
घटना ने प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ शुरु किए गए अभियान की पोल भी खोल दी है। अवैध खनन से दो मौतों ने साफ कर दिया है कि अभियान का क्षेत्र में कोई असर नहीं है। यहां धड़ल्ले से अवैध खनन जारी है।

इनका कहना है:
मामले में मृग दर्ज कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन को लेकर अभी कुछ नहीं कह सकते। मुझे आए हुए अभी एक सप्ताह ही हुआ है। आगे जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी कार्रवाई की जायेगी।
राजाराम, थानाधिकारी खाटूश्यामजी

Published on:
16 Feb 2024 11:13 am
Also Read
View All