
सीकर. वीनस क्लब की ओर से रविवार शाम जैन भवन में शानदार सुर और संगीत की महफिल सजी। इस दौरान कलाकारों ने एक से बढकऱ एक शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी। देर रात तक चले आयोजन में दर्शकों का उत्साह बढ़ता ही गया। कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्म अभिनेता कर्मवीर चौधरी ने कहा कि अब बेटियों को दहेज लेना चाहिए तभी समाज में सुधार आएगा, नहीं तो दहेज के लोभी बेटियों को ऐसे ही मारते रहेंगे।
ज्यादती, दहेज, महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा को रोकने के लिए हमें बचपन से बेटियों को यह सीखाना होगा कि वे किसी से डरें नहीं। बेटियों में हम बचपन से ही डर पैदा कर देते हैं, इसके बजाय हमें बच्चियों को बचपन से मुकाबला करने, लाठी चलाने, मुक्के बाजी, कर्राटे आदि सिखाने के साथ बोल्ड बनाना चाहिए।
कर्मवीर मूलत: अलीपुर, झुंझुनूं के निवासी हैं। वीनस क्लब की ओर से रविवार रात को पधारो म्हारे देश सीजन-2 के तहत द ’वैल्स ऑफ राजस्थान अवार्ड-2018 के तहत यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान के नौ कलाकारों को ’वैल्स ऑफ राजस्थान सम्मान से सम्मानित किया गया।
इसमें अभिनेता कर्मवीर चौधरी, अमन, ख्याली शर्मा, अरविंद कुमार, सटोकसिंह , पूनम पांडे, शशि शर्मा, दिव्या जगदाले, शीतल खांडल को सम्मानित किया गया। समारोह में पूर्व जिला प्रमुख रीटा सिंह, वीनस क्लब के चैयरमैन विक्रम सिंह नाथावत, संरक्षक राजेंद्र खंडेलवाल, फाउंडर सदस्य सुरेश अग्रवाल, पार्षद रविकांत तिवाड़ी, गोविंद पटेल मौजूद रहे। जिला साक्षरता अधिकारी राकेश लाटा ने वीवीपेट व वोटिंग मशीन की जानकारी दी।