सीकर

रास्ता ठीक करनेे को लेकर प्रदर्शन

www.patrika.com/sikar-news/
2 min read
Aug 03, 2018
sikar news
रास्ता ठीक करनेे को लेकर प्रदर्शन

कांवट. गांव गढ़भोपजी से खातीवाला की ओर जाने वाली ग्रेवल सड़क बारिश से जगह-जगह से टूट गई है। बारिश से रास्ता खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस रास्ते को ठीक कराने की मांग को लेकर स्कूली बच्चों सहित लोगों ने ग्राम पंचायत लोहरवाड़ा के खिलाफ प्रदर्शन किया। रास्ता टूटने के कारण गढ़भोपजी से खातीवाला की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। इसके अलावा लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चों को पैदल स्कूल जाना पड़ता है। वहीं निजी स्कूलों में कांवट पढऩे आने वाले बच्चों को २-३ किमी पैदल चलकर गढ़भोपजी आकर बस में बैठना पड़ रहा है। इसके लिए लोगों ने ग्राम पंचायत लोहरवाड़ा सरपंच को कुछ दिनों पहले ज्ञापन देकर रास्ता ठीक कराने की मांग भी की थी, लेकिन इसके बावजूद भी सरपंच ने इस रास्ते को ठीक नहीं कराया। ग्रामीणों ने अब मामले की शिकायत जिला कलक्टर को भेजकर ग्रेवल सड़क को दुरस्त कराने की मांग की है।


गोविन्दपुरा से झड़ायां नगर सड़क रही बंद

चला. ग्राम गोविन्दपुरा से झड़ायां नगर की ओर जाने वाली तीन किमी सड़क पर मिट्टी कटाव से जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे कई दिनों से आवागमन बंद हो गया है। लोगों को कई किमी का चक्कर लगा कर आना जाना पड़ रहा है। स्थानीय दिनेश गहलोत, अनवर अली, घनश्याम वर्मा आदि ने बताया कि बदहाल सड़क के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग व प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत करवाया गया मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थानीय जागरूक लोगों ने सरपंच धन्नीदेवी वर्मा से सड़क मार्ग के गड्ढों से निजात दिलाने की मांग की है।

स्वच्छ भारत मिशन को लेकर कार्यशाला आयोजित

श्रीमाधोपुर. पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) को लेकर कार्यशाला हुई जिसमें योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधान सुमन निठारवाल की अध्यक्षता व उपखण्ड अधिकारी ब्रह्मलाल जाट की उपस्थिति में हुई कार्यशाला में विकास अधिकारी सुप्यार कपूरिया ने ग्राम विकास अधिकारियों, हल्का पटवारियों व जन प्रतिनिधियों को योजना की जानकारी दी। कपूरिया ने ८ अगस्त को स्वच्छता श्रमदान उत्सव मनाने, खेलों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देने, १४ अगस्त को सुबह प्रभात फेरी स्वच्छता शंखनाद रैली व स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक शाम स्वच्छता के नाम से सांस्कृति कार्यक्रम व १५ अगस्त को सम्पूर्ण स्वच्छता ग्राम सभा कर लोगों को जागरूक करने की बात कही। कार्यक्रम में सीडीपीओ पुष्पा सिंह, बीईईओ रामेश्वर लाल सामोता, बीएसओ शीशपाल ओला, बीसीएमओ डा. जे.पी. सैनी ने भी योजना के बारे में विस्तार से बताया।

Published on:
03 Aug 2018 06:43 pm