सीकर

Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी, अब ओलों के साथ होगी बारिश

IMD alert in rajasthan: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर आज भी जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में आज भी कोहरा छाया रहा।
less than 1 minute read
Jan 06, 2024
Weather Update:
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी, अब ओलों के साथ बारिश बरपाएगी कहर

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर आज भी जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में आज भी कोहरा छाया रहा। नम हवाओं ने आमजन की कंपकंपी छुटा रखी है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। जिससे सर्दी का कहर और बढ़ेगा। दो दिन तक होने वाली बारिश व ओलावृष्टि का असर सोमवार से प्रदेश के 23 जिलोें में होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश के साथ गिरेंगे ओले
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आठ जनवरी को प्रदेश के अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, कोटा, राजसमंद , सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ओलावृष्टि तथा दौसा, बाड़मेर, बीकानेर व चूरू जिले में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होगी। इसी तरह नौ जनवरी को अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर व श्रीगंगानगर में बादलों की गरज के साथ बारिश व ओले गिरेंगे।

कल रहेगा कोहरा
इससे पहले प्रदेश में कोहरे का असर रविवार को भी रहेगा। मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में घना कोहरा छाएगा। इस संबंध में भी मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है।

शेखावाटी में बढ़ा पारा
इधर, शेखावाटी में कड़ाके की सर्दी के बीच आज भी बादलों की आवाजाही जारी है। जिसका असर तापमान पर भी पड़ा। यहां शुक्रवार को 3.5 डिग्री तक लुढ़का पारा आज ढाई डिग्री बढ़कर 6 डिग्री पहुंच गया। हालांकि इससे सर्दी में कमी नहीं आई। उत्तरी हवाओं के साथ सर्दी ने आज भी आमजन को बेहाल कर रखा है।

Published on:
06 Jan 2024 11:27 am