सीकर

शेखावाटी में बिगड़ा मौसम का मिजाज

बादलों में दुबका सूरज, कई स्थानों पर बूंदाबांदी साढ़े चार डिग्री गिरा दिन का तापमान, किसानों की बढ़ी चिंता
less than 1 minute read
Jan 31, 2019
sikar
शेखावाटी में बिगड़ा मौसम का मिजाज

सीकर. शेखावाटी में गुरुवार को मौसम का मिजाज फिर तीखा हो गया। बूंदाबांदी के बाद चली नम हवाओं ने आमजन को एक बार फिर ठिठुरा दिया। बादलों के छाए रहने के कारण जिले में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री उछलकर 7.5 डिग्री पहुंच गया। उत्तर पूर्वी हवाओं की रफ्तार भले ही कम थी लेकिन नमी के कारण अधिकतम तापमान साढ़े चार डिग्री गिर गया। सूर्योदय के बाद शाम तक धूप नहीं खिलने से दिन में अलाव रोशन रहे। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होने से किसानों में रबी की अच्छी फसल होने की उम्मीद जग उठी है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हर रोज बदलता मौसमसीकर जिले में हर रोज मौसम बदल रहा है। बुधवार को जहां सुबह तेज सर्दी रही। कई खेतों में बर्फ की चादर बिछी नजर आई। सूर्योदय के बाद मौसम साफ रहने व धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। जिससे लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। वहीं गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। इससे एक बार फिर सर्दी का जोर बढ़ गया।

मावठ की बढ़ी संभावनाजिले में पिछले चार दिन से पड़ रही कड़ाके की सर्दी के बाद हवाओं का रुख बदल गया है। दक्षिणी हवाएं चलने और बादल छाए रहने के कारण मावठ की संभावना बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर हवाओं और गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे। तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है। दो फरवरी से मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।

Published on:
31 Jan 2019 10:23 pm