सीकर

VIDEO: वेब सीरीज देख पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, यूं खुला राज

राजस्थान के सीकर जिले के धोद कस्बे के सिहोट बड़ी गांव में 15 दिन पहले हुई शिवशिंहपुरा निवासी रामधन मीणा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

3 min read
Feb 13, 2024
वेब सीरीज देख पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, यूं खुला राज

राजस्थान के सीकर जिले के धोद कस्बे के सिहोट बड़ी गांव में 15 दिन पहले हुई शिवशिंहपुरा निवासी रामधन मीणा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रामधन की हत्या उसकी ही पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी सुरेश मीणा उर्फ कालू के साथ मिलकर की थी। जिसकी योजना क्राइम वेब सीरीज देखकर बनाई गई थी। हत्या के बाद पूजा ने सुरेश से शादी का वादा भी किया था। जिसके झांसे में आकर ही सुरेश ने रात को खेत का गेट बंद करते समय लाठी से हमला कर रामधन की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सुरेश उर्फ कालू उर्फ नानू (35) पुत्र सांवरमल मीणा व पूजा (27) दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी परिस देशमुख अनिल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मामले में जांच अभी जारी है।

ये था मामला
एसपी ने बताया कि 29 जनवरी को सिहोट बडी गांव में शिवसिंहपुरा निवासी रामधन मीणा पुत्र धूड़ाराम मीणा की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचने पर रामधन का खून से सना शव रेत में पड़ा मिला। इस पर एफएसएल व डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाकर मौके से सबूत जुटाकर जांच शुरू की। मामले में मृतक के शिवसिंहपुरा निवासी चचेरे भाई विनोद ने रिपोर्ट देकर बताया उसके ताऊ का बेटा रामधन मीणा सिहोट बड़ी में खेती का काम करता था। 29 जनवरी को रात आठ बजे वह मकान के सामने खेत का गेट बन्द करने गया था। तभी किसी ने उसके सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने पांच दिन तक धरना प्रदर्शन भी किया था।

रुपए नहीं देने से परेशानी थी पूजा, एक साल से था प्रेम संबंध
एसपी ने बताया कि आरोपी कालू व पूजा के बीच एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों का खेत एक ही जगह है। कालू अक्सर पूजा के घर आता जाता था। दोनो की मोबाईल पर भी खूब बात होती थी। पूजा रुपए नहीं देने पर अपने पति से परेशान थी। दोनों के बीच पहले झगड़ा भी हुआ था। जिससे नाराज हुई पूजा को रामधन पीहर से मनाकर वापस भी लाया था। पर पूजा उससे पीछा छुड़वाना चाहती थी। इसके लिए उसने कालू को उकसाया। पति को मारने पर उससे शादी करने की बात कही थी। झांसे में आकर कालू घटना वाले दिन सरसों के खेत में छिप गया। बाद में जब रामधन गेट बन्द करने आया तो कालू ने उसके सिर पर लाठी से हमला कर दिया।

प्रेमी को बचाने का करती रही प्रयास
मृतक रामधन व सुरेश का खेत पास-पास है। सुरेश का रामधन के घर भी आना जाना था। घटना के बाद पूजा व सुरेश ने पुलिस को गुमराह करने की भी पूरी कोशिश की। पूछताछ में दोनों मृतक का गांव के कुछ युवकों से विवाद होने की बात कहते रहे।

कड़ी मशक्कत: पुलिस ने कई गांवों के युवकों के लिए जूतों के नाप
ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने बार बार घटना स्थल जाकर पड़ोसियों से बात की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ कई संदिग्धों से भी पूछताछ की। जांच के लिए घटनास्थल के आस पास आने- जाने वाले सभी लोगों व वाहनों की जानकारी जुटाई। संधिग्ध नम्बरों की सीडीआर लेकर विश्लेषण किया। घटनास्थल पर मिले फुटप्रिन्ट के आधार पर धोद, सिहोट बड़ी व सीकर में चप्पल जूतों की दुकानों पर फुटप्रिन्ट के हुलिये के जूते भी जांचे गए। सिहोट के नजदीकी गांवों के लोगों के जूतों तक की तस्दीक की। पर काफी प्रयासों के बाद भी आरोपी का सुराग नहीं मिला। बाद में एक मुखबीर की सूचना पर संदिग्ध कालू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो टूटकर उसने जुर्म कबूल कर लिया।

क्राइम वेब सीरीज से बनाई योजना, पहले दिन कांपे पांव
एसपी ने बताया कि आरोपी पूजा घर में ज्यादातर समय क्राइम से जुड़ी वेब सीरीज और अन्य सीरियल देखती रहती थी। इससे ही उसे प्रेमी के जरिए पति को मरवाने की योजना सूझी। जिस पर कालू सहमत हो गया। एसपी के अनुसार इसके लिए वह घटना से पहले दिन भी लाठी लेकर उसे मारने गया था। पर एनवक्त पर हिम्मत नहीं जुटा पाने पर वह वापस लौट गया। फिर अगले दिन दुबारा वारदात को अंजाम देने गया।

Published on:
13 Feb 2024 07:02 pm
Also Read
View All