सीकर

गर्मी की दस्तक के साथ खट्टा हुआ बाजार, नींबू ने भरी उड़ान

सीकर. गर्मी के सीजन ताजगी और स्फूर्ति देने में अहम भूमिका रखने वाले नींबू ने उड़ान भरनी शुरू कर दी है। हाल यह है कि नींबू के थोक भाव अनार, संतरा जैसे कई फलों के भावों को मात देने लगे हैं। रही सही कसर बाजार में नींबू की आवक कम होने और मांग बढ़ने से हो गई।
2 min read
Mar 12, 2026
Feature image

सीकर. गर्मी के सीजन ताजगी और स्फूर्ति देने में अहम भूमिका रखने वाले नींबू ने उड़ान भरनी शुरू कर दी है। हाल यह है कि नींबू के थोक भाव अनार, संतरा जैसे कई फलों के भावों को मात देने लगे हैं। रही सही कसर बाजार में नींबू की आवक कम होने और मांग बढ़ने से हो गई। सीकर की थोक मंडी में नींबू 200 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि खुदरा बाजार में यह सवा दो सौ रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों के अनुसार मद्रास (दक्षिण भारत) से नींबू मंगवाने पर परिवहन लागत ज्यादा आती है इस कारण फिलहाल मंडी में कम मात्रा में ही महाराष्ट्र से नींबू आ रहा है, जिससे कीमतों में तेजी बनी हुई है। गृहिणियों के अनुसार रसोई में नींबू का उपयोग रोजमर्रा में होता है। अचानक दाम बढ़ने से घर का बजट बिगड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि अब जरूरत के हिसाब से ही नींबू खरीदा जा रहा है व्यापारियों के अनुसार गर्मी में शीतल पेय पदार्थों की मांग ज्यादा होने के कारण आने वाले दिनों में नींबू के भावों में तेजी के आसार है। अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत से नींबू की आवक नहीं बढ़ी तो दाम और बढ़ सकते हैं।

गुणकारी है नींबू

आयुर्वेद चिकित्सकों के अनुसार नींबू शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है। इसमें मौजूद विटामिन सी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। नींबू पानी गर्मी में लू से बचाव के लिए उपयोगी माना जाता है। साथ ही यह पाचन क्रिया को मजबूत करता है और शरीर को ताजगी देता है।वहीं एलोपैथी के चिकित्सक भी पथरी होने पर नींबू के पानी के पीने की सलाह देते हैं। भाव ज्यादा होने के कारण सलाद के रूप में नींबू अब गिनी चुनी दुकानों पर ही मिलने लगा है। कई होटल व रेस्टोरेंट में सलाद के साथ दिए जाने वाले नींबू में कटौती की जाने लगी है। इसका सीधा असर आगामी दिनों में नींबू की शिकंजी और जूस पर नजर आएगा। हालांकि सीकर में कई किसान नींबू के पौधे लगाते हैं लेकिन इस खेती को फिलहाल व्यवसायिक रूप नहीं मिल पाया है। इससे इसकी बाजार में बिक्री नहीं की जाती है। यही कारण है कि गर्मियों में डिमांड के हिसाब से सप्लाई नहीं हो पाती है। इसके कारण सीकर में भावों में तेजी आती है।


फैक्ट फाइल

खुदरा भाव प्रति किलो

अनार- 150

सेव-180

पपीता-50

केला-40

संतरा-100-120


इनका कहना है

गर्मी के समय से पहले दस्तक देने से एक पखवाड़े में नींबू के भावों में तेजी आई है। गर्मी बढ़ने के साथ आगामी दिनों में तेजी के आसार है। सीकर मंडी में इस समय नींबू के थोक भाव दो सौ रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।

गिरधारी सैनी, खुदरा विक्रेता

Updated on:
12 Mar 2026 12:00 pm
Published on:
12 Mar 2026 12:00 pm
Also Read
View All