
सीकर। जिले के लोसल थाना क्षेत्र के खूड़ कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौत उसके पति और चार वर्षीय पोते के सामने ही हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। जानकारी के अनुसार कोछोर निवासी भंवरी देवी अपने पति और चार साल के पोते के साथ बाइक पर सवार होकर लोसल स्थित बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन कर घर लौट रही थीं।
यह वीडियो भी देखें
इसी दौरान जब उनकी बाइक खूड़ के सरकारी अस्पताल के सामने पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी भंवरी देवी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान वह ट्रक के पहियों की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अपनी आंखों के सामने होता देख पति और मासूम पोते का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। इससे लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। हादसा इतना वीभत्स था कि भंवरी देवी के शरीर के चिथड़े उड़ गए। सीकर की लोसल पुलिस को मृतका का शव समेटने के लिए बोरे का सहारा लेना पड़ा।
हादसे की सूचना मिलने पर लोसल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस के जवान रामूराम ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से नाकाबंदी करवाई। इसके बाद ट्रक का पीछा कर कुछ दूरी पर चालक को वाहन सहित पकड़ लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोसल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद कोछोर गांव और मृतका के पीहर पक्ष में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि जब पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपा गया तो महिला के गले का मंगलसूत्र और अन्य गहने गायब मिले। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अब इस मामले की भी जांच कर रही है।