सीकर

घर बचाने के लिए महिलाओं ने फूंका अवैध शराब ठेका

सुबह से ही पड़ोस के ठेके पर शराब पीकर घर में मारपीट करने से तंग आई पत्नियों और माताओं ने परेशानी की जड़ अवैध ठेके को ही आग लगाकर तहस-नहस कर दिया। पलसाना के निकट माजीपुरा गांव की किरों की ढाणी में इन ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश देखते ही बन रहा था। महिलाओं का कहना है कि शराब की लत के चलते उनके घर की शांति ही छिन गई है।
2 min read
May 05, 2019
sikar
sikar

घर बचाने के लिए महिलाओं ने फूंका अवैध शराब ठेका
पलसाना. इलाके के डूकिया पंचायत के माजीपुरा गांव की किरों की ढाणी में चल रहे अवैध शराब ठेके को लेकर शनिवार को महिलाओं ने प्रदर्शन करने के बाद फूंक दिया। महिलाओं का कहना था कि शराब के कारण उनके घर की शांति भंग हो रही है। पति सुबह से ही शराब पीकर बच्चों से मारपीट करने लग जाते हैं। जानकारी के अनुसार अवैध शराब के ठेकों को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने पहले तो शराब की थडिय़ों के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और इसके बाद भी ठेकेदार ने थड़ी नहीं हटाई तो थड़ी को सडक़ पर डालकर आग के हवाले कर दी। जिससे थड़ी में रखी शराब स्वाहा हो गई। किरों की ढाणी पलसाना खाटूश्यामजी सडक़ मार्ग पर है। यहां सडक़ किनारे दो तीन साल से आमने सामने दो अलग-अलग शराब की थडिय़ा चल रही थी। बताया जा रहा है कि ये थडिय़ां अवैध थी और लोगों ने पहले भी इनका विरोध किया था। शिकायत के बाद भी पुलिस ने सुनवाई नहीं की महिलाओं ने आक्रामक कदम उठाया। महिलाओं के विरोध को देखते हुए एक थड़ी को तो संचालक मौके से उठाकर ले गए। लेकिन दूसरी थड़ी महिलाओं के विरोध के बाद भी काफी देर बाद भी मौके से नहीं हटाई गई तो महिलाओं ने थड़ी को सडक़ पर उलेट दिया और उसे आग के हवाले कर सडक़ पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। खाटूश्यामजी पुलिस ने शराब की थड़ी को हटवाने का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत करवा दिया। इसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया।


ठेकेदार नहीं आया तो फिर से किया प्रदर्शन


आक्रोशित महिलाएं एकबारगी तो पुलिस के आश्वासन के बाद मान गई, लेकिन जब काफी देर बाद भी शराब थड़ी संचालक थड़ी को मौके से उठाकर नहीं ले गए तो महिलाएं फिर से बिफर गई और थड़ी को फिर से सडक़ पर उलेट कर जाम लगा दिया। इस दौरान काफी देर तक लोग परेशाान रहे। दोपहर दो बजे के करीब ठेका संचालक थड़ी को मौके से उठा ले गए।

Updated on:
05 May 2019 05:29 pm
Published on:
05 May 2019 05:29 pm