
नीमकाथाना. रेलवे फाटक नंबर 73 के पास गुरुवार शाम एक व्यक्ति मालगाड़ी के सामने आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही की व्यक्ति को पटरी पर आते देख मालगाड़ी चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा लिए। इससे युवक की जान बच गई। मगर एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
जानकारी के अनुसार पुरानाबास निवासी शिशराम मीणा शाम को फाटक पर फुलेरा से रेवाड़ी की तरफ जा रही गाड़ी के सामने अचानक कूद गया। इससे वह चपेट में आने से घायल हो गया। सूचना से मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को राजकीय कपिल अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे जयपुर रैफर कर दिया।
करंट से घायल युवक का दम टूटा
रतनगढ़. रतनगढ़ में 33 केवी विद्युत लाइन से छू जाने से झुलसे युवक की गुरुवार सुबह मौत हो गई। जानकारी अनुसार 5 दिसंबर को सुबह रतनगढ़-सुजानगढ़ मेगा हाइवे पर संगम चौराहा के पास एक निर्माणाधीन निजी दुकान की छत पर काम करते समय राज मिस्त्री गांव नूवां निवासी सांवरमल प्रजापत 33 केवी लाइन से छूने से झुलस गया था। उसे बीकानेर रेफर कर दिया था। 10 दिन बाद भी हालत में सुधार नहीं होने के कारण बीकानेर के चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर किया था। जयपुर ले जाते समय सांवरमल का सुबह 4 बजे रास्ते में दम टूट गया। अस्पताल चौकी प्रभारी गोरूराम प्रजापत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
ट्रक की टक्कर दो बाइक सवार घायल
सरदारशहर. आचार्य महाप्रज्ञ समाधि स्थल के पास मेगा हाइवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। यहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर चिकित्साकर्मियों ने प्राथमिक उपचार कर बीकानेर रैफर कर दिया। जीवणदेसर निवासी सीताराम नायक व नोरतन लुहार बाइक से सरदारशहर आ रहे थे। समाधि स्थल के पास मेगा हाइवे पर सामने से आ रहे ट्रक चालक ने तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। चालक ट्रक सहित फरार हो गया।