सिंगरौली

निजी कंपनी के भरोसे मतदान: चितरंगी विधानसभा के दर्जनभर बूथ संचार सुविधा से दूर

निजी कंपनी की सेवा से होगा इंतजाम
2 min read
• •
Updated: 16 Oct 2018, 7:04 PM IST
Away from booth communication facility of Chitrangi assembly
Away from booth communication facility of Chitrangi assembly

सिंगरौली. जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र चितरंगी विधानसभा में इस बार भी निजी संचार कंपनी के भरोसे मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वजह दूरदराज स्थित पहाड़ी इलाके के दर्जनों गांवों का आज तक फोन या मोबाइल जैसी संचार सुविधा से परिचय नहीं हो पाया। एक तरफ देश के लोग मजे से ४जी जैसी आधुनिक संचार सुविधा का उपयोग कर रहे हैं तो दूसरी तरफ जिले में चितरंगी विधानसभा के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बसे 36 छोटे-बड़े गांवों में आज तक संचार सुविधा का इंतजाम नहीं हो पाया है। हालत यह है कि चितरंगी विधानसभा के इन पहाड़ी गांवों मेेें दूरसंचार क्षेत्र की सरकारी कंपनी बीएसएनएल अपना तंत्र स्थापित नहीं कर पाई है। यह क्षेत्र दूरदराज तथा पहुंचना दुर्गम होने के कारण वहां ग्रामीणों को नेटवर्क उपलब्ध कराने में किसी निजी कंपनी ने भी दिलचस्पी नहीं ली। इसका नतीजा है कि ३६ गांवों में बसे ग्रामीण आज तक टेलीफोन या मोबाइल सेवा से वंचित हैं। संचार व्यवस्था की यही दयनीय स्थिति प्रशासन की चिंता बन गई। इन सभी गांवों में विधानसभा चुनाव में इवीएम व वीवीपेट मशीन से मतदान कराया जाना है।

हर बूथ पर संचार सुविधा जरूरी
चुनाव के समय सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए हर बूथ व उस क्षेत्र में संचार सुविधा जरूरी है लेकिन चितरंगी विधानसभा के ३६ गांवों में कोई नेटवर्क ही नहीं है। इसलिए वहां व्यवस्थित व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रशासन को एक निजी टेलीकाम कंपनी का सहारा लेना पड़ा है। जिला प्रशासन की ओर से इसके लिए हाल में निजी कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधियों व इसके जबलपुर कार्यालय को कहा गया है। जिला चुनाव कार्यालय सूत्रों के अनुसार कंपनी ने सभी गांवों को इस माह के अंत तक अस्थाई तौर पर नेटवर्क से जोड़ देने की बात कही है। बताया गया कि इसके लिए कंपनी ने प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस प्रकार चुनाव में मतदान कराने के लिए जिले की एक विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन को निजी कंपनी के भरोसे काम चलाना होगा।

नेटवर्क से वंचित गांव
चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के गांव बछनार, सिलफोरी, बडग़ड़, धौरहवा, अजगुढ़, डाला, पिड़रिया, जमतिहवा, खोखवा, सकेती, कपुरदेई, सिधार व कतरिहार में वर्तमान में कोई नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इसी प्रकार अमिलहवा, सुलखान खुर्द, गेरूई, मटिहनी, पथरकटी, बुढाडोल, नौगई, बोदाखूटा, झगरौहा, गोढ़ावर, देवरी, बढऩई, गीर, ढिलरी, करलो व बैरदह गांवों की भी यही स्थिति है। वहां के गांव धवई, मुडवानी, गड़होर, बर्दी, कोल्डिहा व झपरहवा भी संचार सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं।

Updated on:
16 Oct 2018, 7:04 PM IST
Published on: