सिंगरौली

सड़क के बाद पानी पर भी तारीख पर तारीख

प्रभारी मंत्री शुक्ल बोले - अब अक्टूबर तक फोरलेन व पेयजल
2 min read
• •
Updated: 25 May 2018, 3:19 PM IST
Drinking water supply
Drinking water supply

सिंगरौली. जिला प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने फोरलेन व नगर निगम की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना पर एक बार फिर डेट दे दी है। इस बार उन्होंने दोनों ही योजनाओं के लिए अक्टूबर तक का समय दिया है।

बता दें कि पिछले दो साल से मंत्री से अधिकारी इन दोनों योजनाओं पर सिंगरौली के लोगों को तारीख पर तारीख थमा रहे है और वो तारीख अब तक नहीं आ पाई है।

गुरुवार शाम होटल सत्या इंटरनेशनल में वे पत्रकारों से मुखातिब थे। एक सवाल पर कहा कि सीधी-सिंगरौली फोरलेन का निर्माण अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। इसके लिए धन की कमी को दूर करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक से बात की गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए पीएनबी ऋण मुहैया करा रहा है लेकिन घाटे के चलते बैंक अपना कमीटमेंट पूरा नहीं कर पा रहा है। इस बारे में बात कर ली गई है। इसके लिए केन्द्र सरकार से भी बातचीत की गई है।

मोरवा की महत्वपूर्ण पेयजल योजना पर बोले कि अक्टूबर तक उक्त योजना का पानी मिलने लगेगा। इसके लिए डीएमएफ से फण्ड दिया जा रहा है। गौरतलब हैकि नगर निगम आयुक्त शिवेन्द्र सिंह ने जनवरी में मार्च तक योजना शुरू करने का दावा किया था। औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष तौर पर स्थानीय युवकों के रोजगार का प्रबंध कर सकता है।

प्रदूषण पर बोले कि हम इसकी समीक्षा करेंगे। सिंगरौली विकास प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति पर जिला प्रभारी ने बताया कि सिंगरौली में हवाई पट्टी के निर्माण का काम प्राधिकरण को दिया गया है। इसके अलावा जिले भर में स्कूलों की बाउंड्रीवाल निर्माण का 50 प्रतिशत कार्य प्राधिकरण ही देखेगा। इस मौके पर विधायक रामलल्लू बैस, राजेन्द्र मैश्राम, प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्रा, नगर निगम अध्यक्ष सीपी विश्वकर्मा सहित भाजपा के कई नेता मौजूद थे।

Published on: