
सिंगरौली. जिले में गरीबों की संख्या बढ़ गई है। नये वित्तीय वर्ष 2018-19 से जिले की पात्रता सूची में 3363 गरीबों के नाम और जुड़ गए हैं।चालू माह से इन 3363 गरीबों को भी सस्ते दर पर खाद्यान उपलब्ध कराया जाएगा। शासन ने पात्रता सूची जारी कर दी है। पात्रता सूची में जुड़े नये लोगों को पात्रता पर्ची से खाद्यान का वितरण किया जाएगा। बता दें कि इन सभी के आवेदन पत्र अरसे से शासन के पास पड़े थे।
मतलब, इन सभी को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए सस्ते दर पर खाद्यान दिया जाएगा। इस तरह से अब जिले की पात्रता सूची में दो लाख,40 हजार और 772 लोग जुड़ गये हैं। जानकारी के लिए बताते चलें कि सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए गरीब परिवारों को सस्ते दर पर खाद्यान उपलब्ध कराती है। इस प्रणाली के माध्यम से चावल, गेहूं, नमक आदि सरकारी दुकानों से दिया जाता है।
जानकारी के अनुसार,पहले से जिले की पात्रता सूची में दो लाख 37 हजार और 409 लोगों के नाम सम्मिलित हैं। इसके बाद पात्रता सूची में नाम जोड़ने के लिए हजारों लोगों ने आवेदन पत्र दिए।
आवेदन पत्र मिलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्यान विभाग की टीम सर्वे करने पहुंची। इधर, शहरी इलाकों में नगर निगम की टीम सर्वे का कार्य पूरा की। इस तरह से दोनों सर्वे रिपोर्ट के आधार पर 3363 आवेदन पत्र शासन को भेजे गये। शासन के पास आवेदन पत्र पड़े रहे। इधर, केन्द्र व प्रदेश सरकारो की सख्ती के बाद पात्रता सूची जारी की गई । जिसमें इन नये लोगों को पात्रता सूची में सम्मिलित कर शासनस्तर से पात्रता सूची जारी की गई है।
खाद्यान वितरित
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जिले की पात्रता सूची में शामिल गरीब परिवारों को हर माह 54 हजार क्विंटल खाद्यान वितरित किया जाता है। जिसमें से चावल करीब 22 हजार क्विंटल और 32 हजार क्विंटल गेहूं जिले की सभी 382 सरकारी दुकानों से दिया जाता है।
खाद्यान विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के सभी कोटेदारों को इलेक्ट्रानिक तौला कांटा दिए जाने का प्रावधान है। अब तक करीब सौ दुकानदारों को तौल कांटा दिए जा चुके हैं। बाकी दुकानदारों को जल्द ही तौल कांटे बांटे जाएंगे। तौल कांटे विभाग के कार्यालय में रखे गये हैं।
पात्रता सूची में नये लोगों के नाम जुड़ गये हैं। इस बारे में पात्रता सूची शासन से भेज दी गई है। इस माह से सभी को सरकारी दुकानों से सस्ते दर पर खाद्यान मिलना शुरू हो जाएगा
सनत कुमार मिश्र, सहायक आपूर्ति अधिकारी