
सिंगरौली। सिंगरौली महोत्सव का समापन भी गुरुवार को निराशाजनक रहा। समापन कवि सम्मेलन के साथ होना था जो बारिश व अंधड़ की भेंट चढ़ गया। सरस्वती वंदना के बाद एक कवयित्री ने अपनी एक रचना पेश की। इसके बाद जैसे ही एक अन्य कवि अपनी काव्य रचना सुनाने लगे, वैसे ही धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। समापन समारोह की शुरुआत जिला प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दीप प्रज्जवलन के साथ की। इस दौरान सिंगरौली विधायक रामलल्लू बैस, देवसर विधायक राजेन्द्र मैश्राम, जिला कलेक्टर अनुराग चौधरी, एसपी विनित जैन आदि भी मौजूद थे।
रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति
स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर आगाज किया। प्रभारी मंत्री ने प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद शुरू हुआ बहुप्रतिक्षित कवि सम्मेलन। जानी मानी कवयित्री कविता तिवारी ने सरस्वती वंदना के साथ सम्मेलन को शुरुआत दी। उन्होंने देशभक्ति से ओतप्रोत रचना पेश कर श्रोताओं की वाहवाही बटोरी। उन्होंने एक और रचना पेश की। उनके बाद एक अन्य कवि अपनी रचना सुनाने लगे कि अंधड़ शुरू हो गया। बिजली भी गुल हो गई और देखते ही देखते बूंदाबांदी बारिश में बदल गई।
श्रोताओं में भी खलबली
श्रोताओं में भी खलबली मच गई और इधर, उधर भागकर बारिश से बचने का प्रयास किया। मैदान में एक भी व्यक्ति नहीं बचा और स्टेडियम के बाहर दुकानों में शरण ली। इस बीच प्रभारी मंत्री शुक्ल अपने काफिले के साथ सूर्या भवन रवाना हो गए। बारिश का दौर धीमा पड़ा तो कुछ श्रोता फिर स्टेडियम पहुंच गए। कवि ने अपनी प्रस्तुति देना चाहा लेकिन बारिश फिर शुरू हो गई। अंतत: प्रशासन ने ११ बजे से पहले कार्यक्रम समापन की घोषणा कर दी। कवयित्री अनामिका जैन अम्बर को अपनी रचनाएं सुनाने का मौका ही नहीं मिला जबकि बड़ी संख्या में श्रोता उन्हें सुनने आए थे।
आईएफएमएस में अब ईएसएस मॉड्यूल
प्रदेश के समस्त जिलों में कोषालय के माध्यम से समस्त देयकों के भुगतान के लिए सीएसएफएमएस में प्रस्तुति बंद कर दी गई है। इसके स्थान पर आईएफएमआईएस अन्तर्गत आर एंड डी एवं कोषालय स्तर पर पारित तथा भुगतान करने का कार्य किया जा रहा है। यह व्यवस्था एक मई से लागू हो गई है। अब आर एण्ड डी मॉड्यूल के संचालन में कठिनाईयाँ न हो इसके लिए जरूरी है कि अधीनस्थ अधिकारी व कर्मचारी के यात्रा, जीपीएफ, अवकाश आदि के आवेदन ईएसएस मॉड्यूल के माध्यम से ही प्राप्त करें।