
सिंगरौली.सिंगरौली महोत्सव का आगाज बड़े ही धूमधाम से हुआ लेकिन पाश्र्वगायक अंकित तिवारी श्रोताओं को बांधने में असफल रहे जबकि दूसरे दिन बारिश ने खलल डाल दिया जिसके चलते महोत्सव का रंग फीका रहा।
महोत्सव की शुरुआत बुधवार रात पाश्र्वगायक अंकित तिवारी की प्रस्तुतियों के साथ हुआ। जिला प्रभारी मंत्री राजेन्द शुक्ल के दीप प्रज्ज्वलन के साथ महोत्सव का आगाज हुआ। पहले ही दिन कार्यक्रम फेल हो गया। तिवारी अपनी गायकी के दम पर दर्शकों को रिझा नहीं पाए और महज दो घंटे में ही एक एक कर स्टेडियम छोड़कर निकल गए।
गायक तिवारी ने अपने तरानों के दम पर उन्हें बांधे रखने की कोशिश की परंतु उन्हें निराशा ही हाथ लगी। रात आठ बजे रत्ना गु्रप्स के कलाकारों की गणपति वंदना के साथ इस रंगारंगा कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इसे देखते हुए धीरे धीरे लोगों के कदम स्टेडियम की ओर बढ़ते गए। हालांकि उम्मीद के मुताबिक शहरवासियों की भागीदारी नहीं रह पाई।
तिवारी का नाम सुनकर जो लोग पहुंचे थे, वे भी दो तीन तरानों को सुनकर निकलने लग गए। रात करीब नौ बजे बाद स्टेज पर पहुंचे तिवारी ने शुरुआत आशिकी-2 के अपने गीत तू जो है तो मैं हूं तेरी होने से ही मेरा होना है से की। तेरी गलियां पर सहित पहली तीन चार गीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों की खूब दाद लुटी।
इसके बाद प्रस्तुतियां लय खोती गईं और रात 11 बजे बाद तक अधिकांश कुर्सियां खाली हो गई।
इस मौके पर सांसद रीति पाठक, विधायक रामलल्लू बैस, देवसर विधायक राजेन्द्र मैश्राम, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाषसिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमरनाथ , कलेक्टर अनुराग चौधरी, एसपी विनित जैन, जिला पंचायत सीईओ प्रियंक मिश्र, निगम आयुक्त शिवेन्द्रसिंह, एसडीएम विकास आदि थे।
सिंगरौली महेत्सव में गुरुवार की रात अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में बारिश ने व्यवधान पैदा कर दिया, जियके चलते रात 10 बजे तक कार्यक्रम शुरू नहीं होसका। कार्यक्रम में अमित शर्मा, कविता तिवारी और अनामिका जैन आदि की प्रस्तुति होनी थी। मगर देर रात तक कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका।
प्रस्तुतियों के बाद निकल गए तिवारी
सूत्रों के अनुसार तिवारी अपनी कुछ प्रस्तुतियों के साथ रात करीब 11 बजे निकल गए। तिवारी के इस कार्यक्रम पर करीब 35 लाख रुपए खर्च हुए। इसे लेकर दर्शक भी खासे नाराज दिखे।
मुकेश शाह ने कहा कि नए नए कलाकारों पर दांव लगाओ तो इससे अधिक क्या मिल सकता है? हमने तो पहली बार नाम सुना था। उसे बुलाने के लिए लाखों खर्च किए गए है, यह सुनकर मैं भी आया था लेकिन मजा नहीं आया।
इससे तो अच्छा रीवा, सीधी के कलाकारों को ही बुला लेते। विंध्यनगर से आए देवेन्द्रपाल का कहना था कि इतना पैसा खर्च किया है तो किसी अच्छे मंझे हुए कलाकार को लाना चाहिए था। जब बात मनोरंजन की है तो जाने पहचाने कलाकारों को बुलाना चाहिए था। इस प्रकार लाखों रुपए उड़ाने का क्या मतलब है।