सिरोही

आबूरोड: जमीन मिली, 100 करोड़ का प्रस्ताव भेजा, फिर भी एयरपोर्ट की उम्मीदों को नहीं मिली उड़ान

Abu Road Airport Project: आबूरोड शहर के मानपुर हवाई पट्टी क्षेत्र की भूमि नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज कर सौंपे जाने के बाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर उम्मीदें जगी थीं। विभागीय टीम निरीक्षण के दौरान इस स्थान को एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भी बता चुकी है।

2 min read
Jun 17, 2026
Manpur airstrip
मानपुर हवाई पट्टी। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Abu Road airport project : सिरोही। आबूरोड शहर के मानपुर हवाई पट्टी क्षेत्र की भूमि नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज कर सौंपे जाने के बाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर उम्मीदें जगी थीं। विभागीय टीम निरीक्षण के दौरान इस स्थान को एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भी बता चुकी है, लेकिन इसके बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। केंद्र और राज्य सरकार तक मामला पहुंचने के बावजूद अब तक धरातल पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है। हालांकि लोग वर्षों से शहर में एयरपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

100 करोड़ का भेजा था प्रस्ताव

सार्वजनिक निर्माण विभाग ने नवंबर, 2024 में मानपुर हवाई पट्टी को एयरपोर्ट बनाने के लिए करीब 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार भेजा था। इसके तहत लगभग 32 हैक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होगा। नवीन रन-वे पर 22 करोड़, चारदीवारी निर्माण पर 2.20 करोड़, बिजली व्यवस्था पर 1.63 करोड़, पानी की व्यवस्था पर 87 लाख, गार्ड सुविधा पर 1.29 करोड़, एयरक्राफ्ट पार्किंग पर 1.75 करोड़, फायर स्टेशन, कंट्रोल टावर व अन्य कार्याें पर 15 करोड़, सड़क निर्माण पर 1.20 करोड़, टर्मिनल भवन, फायर फाइटिंग सिस्टम आदि पर 1.99 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। कुल राशि में से भूमि अधिग्रहण किए जाने की एवज में दी जाने वाली मुआवजा राशि का प्रावधान किया है। हालांकि, इस प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है।

रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री की जानकारी में

ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर उनसे आबूरोड में एयरपोर्ट की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन भी दिया था। सांसद लुंबाराम चौधरी ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से आबूरोड आगमन पर एयरपोर्ट की मांग की थी। पालिकाध्यक्ष मगनदान चारण भी मुख्यमंत्री से हवाई अड्डे की मांग कर चुके हैं। इससे पहले भी सरकार से कई बार हवाई अड्डे की मांग की जा चुकी है।

पर्यटन-व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा

सिरोही जिले में आबूरोड सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। यहां उत्पादित माल विदेशों में निर्यात होता है। अन्य राज्यों के उद्यमी व्यवसाय संबंधी कार्याें के लिए यहां आते हैं। रेलवे नेटवर्क के प्रमुख स्टेशनों में आबूरोड स्टेशन शामिल है। यहां से 110 यात्री गाडि़यों का आवागन होता है। आबूरोड के निकट पर्यटन स्थल मांउट आबू, गुजरात का विश्व प्रसिद्ध अंबाजी धाम, महिलाओं की ओर से संचालित विश्व का सबसे बड़ा ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय संस्थान व सिरोही में प्रमुख तीर्थस्थल है। जहां बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक बस या ट्रेनों से आबूरोड आते हैं। ऐसे में आबूरोड में एयरपोर्ट बनने से पर्यटकों व उद्यमियों आवागमन की बड़ी सुविधा उपलब्ध होगी।

इनका कहना है

आबूरोड में मानपुर हवाईपट्टी की जमीन नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज करवाई जा चुकी है। पूर्व में हवाई पट्टी के विस्तार के लिए करीब एक अरब का प्रस्ताव भेजा था।

रमेश बराडा, अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सिरोही

Published on:
17 Jun 2026 03:35 pm