
आबूरोड (सिरोही): राजस्थान में पंचायत चुनाव के बीच अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक-कंटेनर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 90 कार्टन जब्त किए हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया।
रीको थाना पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित मावल पुलिस चौकी के सामने वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात की ओर जा रहे एक ट्रक-कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। कंटेनर के अंदर प्लास्टिक के बोरों में अपशिष्ट यानी कचरा भरा हुआ था। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने बोरों को हटाकर जांच की।
तलाशी के दौरान कचरे से भरे प्लास्टिक कट्टों के नीचे चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 90 कर्टन छिपाकर रखे मिले। पुलिस के मुताबिक चालक के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। इसके बाद पुलिस ने शराब की खेप जब्त कर ली और कंटेनर को भी कब्जे में ले लिया।
थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज (42) निवासी जिला आगरा, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप ब्यावर से कंटेनर में भरी गई थी और इसे चोटिला होते हुए राजकोट, गुजरात ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, पंचायत चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत मावल चौकी पर वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किस सप्लायर ने उपलब्ध कराई थी और इसे गुजरात में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है। मामले में शराब सप्लायर और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।