सिरोही

माउंट आबू के बाद प्रदेश में सिरोही सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री

माउंट का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस, ठंड से छूटी धूजणी… सिरोही. जिलेभर में सर्दी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। गुरुवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। कडाके की ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। लोग दिनभर रजाइयों में दुबके रहे। सुबह-शाम घरों में भी अलाव जलाते और […]

2 min read
Jan 18, 2025
सिरोही. सर्दी से राहत के लिए अलाव का सहारा लेते लोग।

माउंट का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस, ठंड से छूटी धूजणी…

सिरोही. जिलेभर में सर्दी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। गुरुवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। कडाके की ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। लोग दिनभर रजाइयों में दुबके रहे। सुबह-शाम घरों में भी अलाव जलाते और हीटर के सहारे राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। कडाके की ठंड के कारण शादी-ब्याह वाले घरों में ठंड से बचाव के इंतजाम किए गए। पिछले एक सप्ताह से सूर्यदेव की भी लुकाछिपी चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में मैदानी क्षेत्र में सबसे कम रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों को लाइट जलाकर ही वाहन चलाने पड़े। शीतलहर के कारण लोग देर तक घरों में ही रहे, जिससे बाजार भी देर से खुले। शहर के विभिन्न हिस्सों में लोग चौराहों व गलियों में अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाते दिखे। पिछले कुछ दिनों से जारी शीतलहर के कारण गलन व ठिठुरन से आम जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान है।

माउंट आबू. उत्तरी भारत में हो रहे हिमपात के असर से पर्यटन स्थल माउंट आबू की वादियों में शुक्रवार को ठंड के तेवर तीखे रहे। न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के चलते लोगों को सवेरे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जिससे लोग दिन चढऩे तक घरों में ही दुबके रहने को मजबूर हो गए। मौसम वेधशाला के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से तापमापी का पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी 3.4 डिग्री सेल्सियस लुढक़ कर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हवा चलती रहने से दिन में भी ठंड का खासा असर बना रहा।

सूर्योदय के बाद ही होटलों से बाहर निकले सैलानी

माउंट आबू. देश-विदेश से आए सैलानियों ने सवेरे ठंड से बचने की जुगत में सूर्योदय तक होटलों में रहना ही मुनासिब समझा। भ्रमणकारी भी ठंड में भ्रमण करने से कतराते देखे गए। नक्की झील परिक्रमा पथ से लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर भ्रमणकारी पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य को निहारते हुए कैमरे में कैद किया।

ग्रामीणों को भी हुई परेशानियां

माउंट आबू. ठंड के चलते दूरदराज उतरज, शेरगांव, अनादरा समेत विभिन्न गांवों के ग्रामीणों को सब्जियां, दूध आदि शहर तक पहुंचने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ीं। सवेरे वाहन चालकों को वाहन स्टार्ट करने की जद्दोजहद में धक्का परेड करते देखा गया।

दिन भी रहा सर्दी का असर

माउंट आबू. हवा के निरंतर चलने से दिन में भी भारी भरकम ऊनी लबादों का सहारा लेने के बाद ही पर्यटकों ने दर्शनीय स्थलों का दीदार किया। शाम को फिर से सर्दी के तेवर तीखे हो गए। सर्दी से बचाव को लेकर सैलानियों ने गर्म व्यंजनों का सेवन करने के बाद शीघ्र ही होटलों की ओर रुख कर लिया।

Published on:
18 Jan 2025 04:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर