
परिवादी के यहां शराब की दुकान पर काम करने वाला कर्मी ही निकला आरोपी
सिरोही. शहर की कोतवाली पुलिस ने 24 जून को हाइवे पर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की आंखों में मिर्च डालकर 8.32 लाख रुपए लूटने के मामले का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी उजलिया पुलिस थाना करवड़ जिला जोधुपर निवासी सेल्समैन भोमसिंह (23) पुत्र राणुसिंह राजपूत है। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस लूटी गई राशि बरामद करने और दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक 24 जून को कैश का काम करने वाले ओड़ा निवासी कानाराम पुत्र वीराराम रेबारी 832200 रुपए बैग में डालकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व पंजाब नेशनल बैंक में चालान से जमा करवाने के लिए मोटरसाइकिल से सिरोही आ रहा था। इसी दौरान आरएसी कैम्प से थोड़ा पहले एक मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्ची डाल दी, जिससे कानाराम मोटरसाइकिल सहित नीचे गिर गया। इस पर बदमाश उसके पास से पैसों से भरा हुआ बैग व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम का गठन कर जांच शुरू की।
गठित टीम ने डीएसटी की सहायता व डीसीआबी टीम से तकनीकी सहायता प्राप्त कर घटनास्थल व परिवादी के रवाना होने के स्थान पालड़ी एम व घटना के बाद अज्ञात अभियुक्तों के जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों को चिह्नित किया। परिवादी के ठेके पर पूर्व में काम करने वालों के सम्बंध में जानकारी की गई तो पूर्व में परिवादी के यहां से काम छोड़ कर जाने वाले भोमसिंह राजपूत पर शक हुआ।
शराब की दुकान से निकाला तो बनाई लूट की योजना
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी भोमसिंह पूर्व में परिवादी की शराब की दुकान पर काम करता था। जहां शराब व रुपए की गड़बड़ी करने पर परिवादी ने उससे पैसेे वसूल कर निकाल दिया था। उसको यह जानकारी थी कि सोमवार को 4 दिन की ठेकों की राशि एकत्र होकर बैंक में जमा करवाने के लिए सिरोही ले जाई जाती है। ऐसे में उसने रास्ते में राशि लूटने की योजना बनाई तथा अपने साथी अनोप कुमार को साथ लेकर इस घटना को अंजाम दिया।
टक्कर मार गिराया, फिर आंखों में मिर्च डाल लूटी राशि
जैसे ही परिवादी कानाराम बाइक से कैश लेकर आया तो दोनों आरोपियों ने रास्ते में मोटर साइकिल से पीछाकर पहले उसकी मोटर साइकिल के टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया और फिर उसकी आंखों में मिर्ची डालकर पैसे से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी सहायता से मुख्य अभियुक्त भोमसिंह पुत्र राणुसिंह निवासी उजलिया पुलिस थाना करवड़ जिला जोधुपर का पताकर दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने साथी अनोप कुमार के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस टीम में यह थे शामिल
वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी कोतवाली कैलाशदान, डीएसटी टीम प्रभारी अमराराम, सहायक उप निरीक्षक डीएसटी टीम शिवपालसिंह, हैड कांस्टेबल साइबर सैल भवानीसिंह (विशेष भूमिका), नरेन्द्रपालसिंह , सुरेन्द्र कुमार, रमेश कुमार, गणपतलाल, नारायणलाल, रमेश कुमार, नरेन्द्र कुमार शामिल थे।