सिरोही

लॉरेंस गैंग के शूटरों की गिरफ्तारी मामला… सिरोही में रेकी, पाली में हथियार और जोधपुर में गिरफ्तारी

राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की कार्रवाई में लॉरेंस गैंग की ओर से सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश सामने आई। जोधपुर में गिरफ्तार किए गए गैंग के दो शार्प शूटरों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि वारदात से पहले लोढ़ा के फार्म हाउस की रेकी की गई थी। शूटरों ने फार्म हाउस के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और पूर्व विधायक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई थी।
3 min read
lorence gang
सीसीटीवी में कैंद संदिग्ध

शिवगंज/ सिरोही. राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की कार्रवाई में लॉरेंस गैंग की ओर से सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश सामने आई। जोधपुर में गिरफ्तार किए गए गैंग के दो शार्प शूटरों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि वारदात से पहले लोढ़ा के फार्म हाउस की रेकी की गई थी। शूटरों ने फार्म हाउस के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और पूर्व विधायक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई थी।

यह भी बताया जा रहा है कि शूटर्स के सिरोही पहुंचने पर हरियाणा के एक संदिग्ध ने इनको मदद पहुंचाई थी। उसने शहर के एक मोटरसाइकिल शोरूम से बाइक खरीदकर शूटरों को उपलब्ध कराई थी। जांच एजेंसियां मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

पार्षदों की बाड़ाबंदी के चलते नहीं मिला मौका

सूत्रों के अनुसार वारदात के लिए शूटर सिरोही पहुंचे थे, लेकिन रेकी के दौरान पूर्व विधायक के फार्म हाउस में बाड़ाबंदी के चलते बड़ी संख्या में पार्षद और समर्थक मौजूद थे। भीड़ के कारण शूटरों ने अपना प्लान बदल दिया। इसके बाद दोनों को जोधपुर भेज दिया गया, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जोधपुर में पकड़े गए शूटरों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा निवासी फाजिल्का, पंजाब तथा राजिंदर उर्फ बिल्ला निवासी अबोहर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों पर पुलिस ने पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

पाली के ढोला गांव की झाड़ियों से विदेशी हथियार बरामद

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पाली जिले में ढोला गांव के पास हाईवे से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में कपड़े के थैले में छिपाकर रखे हथियार बरामद किए। इनमें तुर्की मेड जिगाना पिस्टल, ऑस्ट्रिया मेड ग्लॉक पिस्टल, चार मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस इस बरामदगी को पूर्व विधायक पर हमले की साजिश से जोड़कर जांच कर रही है।

हरियाणा से तीन संदिग्ध हिरासत में

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों शूटर्स के सिरोही आने पर हरियाणा के एक संदिग्ध ने इनको मदद पहुंचाई थी। उसने सिरोही के एक मोटरसाइकिल के शोरूम से बाइक खरीदकर शूटरों को उपलब्ध कराई थी। वह संदिग्ध शोरूम के सीसीटीवी में भी दिखाई दिया हैं। एजीटीएफ ने मामले में हरियाणा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस की जांच में 7-8 अन्य संदिग्ध भी रडार पर बताए जा रहे हैं। पूछताछ में मारवाड़ के एक बड़े व्यापारी की रेकी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि गैंग की ओर से दोनों लक्ष्यों को लेकर क्या योजना बनाई गई थी।

चौदह घंटे होटल में रुके थे शूटर

जांच में शूटरों के सिरोही के अरठवाडा के आसपास एक होटल में करीब 14 घंटे ठहरने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने होटल पहुंचकर इसकी तस्दीक की है। दोनों शूटर 17 सितंबर शाम को होटल पहुंचे और फर्जी आधार कार्ड से कमरा किराए पर लिया। रात में खाना नहीं खाया, केवल नशा करते रहे। 18 सितंबर को सुबह होटल से निकल गए।

पूर्व विधायक की फोटो मिलते ही बढ़ाई सुरक्षा

जोधपुर में गिरफ्तारी के बाद शूटरों के पास से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की फोटो मिलने के बाद से ही उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। हालांकि एसपी ने इसे रूटीन सुरक्षा बताया।

गिरफ्तार शार्प शूटर्स से करवाई थी मौका तस्दीक

दो दिन पूर्व एजीटीएफ के अधिकारी गिरफ्तार किए गए शॉर्प शूटर्स को लेकर शिवगंज पहुंची थी। यहां दोनों आरोपियों से वे किन किन जगहों पर गए थे, इसकी मौका तस्दीक करवाई गई थी। पूरे मामले की निगरानी एजीटीएफ के एडीजी दिनेश एमएन और जोधपुर पुलिस कमिश्नर अंशुमान भौमिया कर रहे हैं। पुलिस अब साजिश से जुड़े अन्य लोगों, हथियारों की आपूर्ति और शूटरों को उपलब्ध कराई गई लॉजिस्टिक मदद के नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Updated on:
26 Sept 2026 06:45 pm
Published on:
26 Sept 2026 06:44 pm
Also Read
View All
Rajasthan Crime News: आखिर लॉरेंस गैंग के निशाने पर क्यों हैं राजस्थान कांग्रेस के Ex-MLA संयम लोढ़ा, जानिए शार्प शूटर्स के बड़े खुलासे!

सिरोही में गणपति विसर्जन के दौरान हादसा : जान पर खेलकर मां ने बेटे को बचाया, दूसरे की मौत

8 बच्चों के पिता की सिर में गोली लगने से मौत, पिंडवाड़ा फायरिंग का आरोपी सायला की पहाड़ियों से अरेस्ट; जानें पूरा मामला

सिरोही पंचायत चुनाव आरक्षण लॉटरी: 8 समितियों और 27 वार्डों की सूची जारी, कहीं खुशी तो कहीं बिगड़ा दिग्गजों का गणित

सिरोही में कांग्रेस की रितु जैन बनीं सभापति, BJP के 5 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की; पिंडवाड़ा-आबूरोड में निर्दलीयों ने बिगाड़ा खेल