सिरोही। रेवदर कस्बे में सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के बाद आवागमन तो सुगम हुआ है, लेकिन सड़क सुरक्षा के इंतजामों की कमी अब चिंता बढ़ा रही है। रेवदर में दो पेट्रोल पंपों के बीच करीब दो किलोमीटर लंबे मुख्य सड़क मार्ग पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया है। इसी मार्ग पर मुख्य बस स्टैंड, राजकीय महाविद्यालय, विद्यालय और मुख्य बाजार स्थित हैं। ऐसे में दिनभर गुजरने वाले विद्यार्थियों, यात्रियों, व्यापारियों और राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नई सड़क पर वाहनों की रफ्तार बढ़ने से हादसों की आशंका बनी हुई है। दीपावली के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही के बीच यह स्थिति और जोखिमभरी हो सकती है।