
सिरोही. वाल्मीकि समाज की चार सूत्री मांगों को लेकर नगर परिषद के बाहर मंगलवार को धरना १८वें दिन भी जारी रहा। सोमवार से धरने को नगर परिषद के स्थाई व अस्थाई सफाई कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया था। करीब ११५ कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। जगह-जगह कचरे के ढेर लगने शुरू हो गए। सफाईकर्मी एक दिन में ९ टन कचरा उठाते हंै। नई भर्ती के ४९ में से ३७ सफाई कर्मी भी काम पर नहीं आ रहे हैं।
गली-मोहल्लों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, वहीं नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। इनमें भिनभिनाते मच्छरों से लोगों को बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि कई जगह कचरा पात्रों की व्यवस्था नहीं होने से मजबूरी में सड़कों पर फेंकना पड़ता है। सरजावाव दरवाजे के बाहर सड़क पर नाली से पानी बहता रहा। लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। हवा के तेज झोकों के चलते पॉलीथिन की थैलियां भी नालियोंं में रुकावट पैदा करती रहीं। बदबू के कारण लोग असहज रहे।
सदर बाजार में नालियों का पानी सड़क पर आने लगा है। व्यापारियों ने नालियों से कचरा निकाला पर दुकानों के बाहर पड़ा रहा।
महिला से चेन छीनने के आरोपी एक घंटे में पकड़ेआबूरोड. रीको कॉलोनी में मंगलवार शाम स्कूटी सवार महिलाओं को दो बदमाश चाकू दिखाकर सोने की चेन लूटकर भाग गए। महिला ने तुरंत रीको चौकी में सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और एक घंटे के भीतर चांदमारी के पास पकड़ कर चेन बरामद कर ली। आरोपी पुलिस को पीछा करता देख असंतुलित होकर गिर गए और भागने लगे, जिस पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
रीको चौकी प्रभारी छगनलाल डांगी ने बताया कि सांतपुर निवासी पुष्पा चौधरी पत्नी राकेश चौधरी ने बताया कि वह घर जा रही थी। शाम करीब पौने सात बजे रीको कार्यालय के पास पहुंची तो एक स्कूटी पर आ रहे दो लड़कों ने रुकने का इशारा किया। इस पर उन्होंने स्कूटी को धीरे किया तो एक ने स्कूटी पकड़ ली व दूसरे ने उन्हें चाकू दिखाया। वह डर गई। इतने में दूसरे लड़के ने गले में पहनी हुई सवा तोला सोने की चेन ताड़ी और स्कूटी से भाग गए।
इस पर चौकी प्रभारी, हैड कांस्टेबल दिलीपकुमार, कांस्टेबल ओमप्रकाश, भागीरथ सिंह, रोहिताश व रामेश्वर अलग दिशाओं में आरापियों का पीछा करना शुरू किया। तलाश के दौरान आरोपी पाथवाड़ा जिला बनासकांठा निवासी भरतसिंह पुत्र ईश्वरसिंह राजपूत व डीसा गुजरात निवासी महेन्द्र सिंह पुत्र राजूसिंह राजपूत को मात्र एक घण्टे में गिरफ्तार पकड़ लिया। इनसे अन्य वारदात के बारे में पूछताछ जारी है। कार्रवाई में कांस्टेबल भागीरथ सिंह की अहम भूमिका रही।