
सिरोही. मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। इसके मद्देनजर आनन-फानन में सडक़ों पर पेचवर्क और दीवारों पर रंग-रोगन किया जा रहा है। इन कार्यों को देखते हुए आम लोगों में चर्चा है कि काश! सीएम रोजाना सिरोही आएं ताकि चमक बनी रहे।
तीन बत्ती मार्ग
पर रंंग-रोगन
तीन बत्ती से गोयली चौराहा तक लम्बे समय से क्षतिग्रस्त सडक़ की आखिरकार प्रशासन ने सुध ले ली। मुख्यमंत्री के दौरे के चलते सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से सडक़ पर रंग-रोगन का कार्य करवाया जा रहा है।
सर्किट हाउस व हेलीपेड पर तैयारी
सर्किट हाउस में रंग-रोगन किया जा रहा है और पास लगी झाडिय़ों को कटवाया जा रहा है। तीन बत्ती चौराहा तक रास्ते के किनारों को जेसीबी की सहायता से साफ कर दिया है। गोयली मार्ग स्थित टर्मिनस भवन तथा हवाई पट्टी पर भी सफाई शुरू कर दी है। झाडिय़ों को कटवाया जा रहा है। शहर में भी जगह जगह सडक़ों पर रंग रोगन तथा जेब्रा लाइन बनाई जा रही हंै।
सडक़ों की मरम्मत
सार्वजनिक निर्माण विभाग सबसे ज्यादा संजीदा है क्योंकि एक बार सडक़ बनाने के बाद वीआईपी आने के समय या त्योहारों पर सार संभाल की जाती है। अब विभाग की ओर से रात-दिन एक कर शहर में क्षतिग्रस्त सडक़ पर कारी लगाई जा रही है।
अपराधों पर नकेल नहीं कसने पर फटकार
आबूरोड. पुलिस अधीक्षक जय यादव ने रविवार को शहर थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों की क्लास ली। उन्होंने शहर में अवैध कार्यों को लेकर पुलिस की कमजोर पकड़ के लिए नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने मुखबिर तंत्र मजबूत रखने, कोई गलत कार्य होने पर तुरंत सूचना देने एवं कार्य के प्रति सजग होकर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से स्थाई वारंटियों को पकडऩे के अभियान में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। यादव ने कहा कि अच्छा कार्य कर इनाम पाओ अन्यथा कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने थानाधिकारी मिट्ठूलाल को भी समय-समय पर कर्मचारियों को निर्देश देने के लिए पाबंद किया। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक हीरालाल रजक भी मौजूद थे।
बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए थानाधिकारी व यातायात प्रभारी को चालान, तेज गति व आवाज के साथ गुजरते बाइकर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने थानाधिकारी से पुलिसकर्मियों के प्वाइंट पर उपस्थित होने की भी समय-समय पर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वाले बाइकर्स पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बिना नम्बर की गाडिय़ों, काले शीशे लगी गाडिय़ों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवार के साथ वाहन पर जा रहे लोगों को बेवजह परेशान नहीं करने की भी हिदायत दी।
बाजार का पैदल निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने बस स्टैंड से मुख्य बाजार होते हुए पैदल मार्च किया। अधिकारियों से क्षेत्र सम्बंधित जानकारी ली। ईद के पर्व को लेकर यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया।