
सिरोही. शहर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय व महिला कॉलेज में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव की रंगत दिखी। एनएसयूआई, अखिल भारतीय विद्यार्थीपरिषद, राष्ट्रीय छात्र परिषद और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जोश व उत्साह के साथ नामांकन दाखिल किए। लिंगदोह समिति की सिफारिशों को धत्ता बताते हुए कई उम्मीदवारों ने वाहनों के साथ कॉलेज गेट तक रैली भी निकाली। इसके अलावा कॉलेज कैम्पस के गेट के पास नारेबाजी भी की। छात्रसंघ चुनावों के नामांकन को लेकर सवेरे १० बजे से ही कॉलेज परिसर के आस-पास विद्यार्थियों कर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। इसके बाद नामांकन का समय पूरा होने तक विद्यार्थियों को जमावड़ा लगा रहा। एनएसयूआई, अखिल भारतीय विद्यार्थीपरिषद, राष्ट्रीय छात्र परिषद और निर्दलीय उम्मीदवारों ने सर्मथकों के साथ कॉलेज पहुंचकर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए नामांकन पेश किए।पत्रिका सिरोही में नामांकन के साथ ही कॉलेज में चुनावी रौनक बढ़ गई है। उम्मीदवारों ने चुनाव जीतने के लिए वोटर्स की मान-मन्नौवल शुरू कर दी है।
कक्षा प्रतिनिधि के लिए कोई न आया आगे
पीजी कॉलेज व महिला महाविद्यालय में सवेरे १० से ३ बजे तक नामांकन का समय निर्धारित किया गया था। जिसके तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कक्षा प्रतिनिधि के लिए नामांकन लिए जाने थे। लेकिन कक्षा प्रतिनिधि के लिए विद्यार्थियों ने रुचि ही नहीं दिखाई। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न कक्षा-वर्ग के लिए ६८ कक्षा प्रतिनिधि का चुनाव किया जाना है, लेकिन महज एक ही नामांकन मिला। ऐसे में ६७ पद रिक्त रहेंगे।
आज होगा नामांकन सूची का प्रकाशन
प्राचार्य केके शर्मा ने बताया कि प्रत्याशियों की नामांकन सूची का प्रकाशन ६ सितम्बर सवेरे १० बजे से किया जाएगा। साथ ही प्रत्याशियों के नाम वापस लेने का समय ११ से २ बजे तक रहेगा। इसी तरह महिला कॉलेज की प्राचार्य रेखा राणावत ने बताया कि प्रत्येक पद के लिए दो-दो नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
अध्यक्ष के ६ नामांकन
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अध्यक्ष पद के लिए ६ नामांकन प्राप्त हुए हैं। जिसमें एबीवीपी से अनिल कुमार, एनएसयूआई से प्रकाश कुमार मेघवाल, राष्ट्रीय छात्र परिषद से प्रदीपसिंह देवड़ा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं पुष्पा प्रजापत, आसुराम और मनीषा गहलोत ने निर्दलीय के रूप में नामांकन भरा। इसी तरह राजकीय महिला महाविद्यालय में रुचिका कुमारी रावल व रिंकू पटेल ने अध्यक्ष के लिए नामांकन भरा। वहीं राजकीय विधि महाविद्यालय में खेताराम, खुशबू कुमारी, प्रवीण कुमार, वैशाली चंदेल ने अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया।
और ये ही अन्य पदों पर नामांकन की स्थिति
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उपाध्यक्ष के लिए हितेश पुरोहित, विजयपाल, लक्ष्मण मीणा ने नामांकन किए। वहीं महासचिव पद पर प्रवीण पटेल, गजेन्द्र कुमार, कलीम खान मौसला तथा संयुक्त सचिव के लिए दिव्या भाटी, ध्रुवी राठौड़, सूरज कुमार ने नामांकन पेश किए। इसी तरह राजकीय महिला महाविद्यालय में उपाध्यक्ष के लिए प्रियंका कुमारी, लक्ष्मी ने नामांकन किए। वहीं महासचिव के लिए ऐश्वर्यासिंह, पूजा कुमारी मीना तथा संयुक्त सचिव के लिए सिमरन कुमारी व काजलसिंह ने नामांकन पेश किए। इसके अलावा विधि महाविद्यालय में उपाध्यक्ष के लिए प्रफुल्ल कुमार, दशरथ कुमार लौहार, दिशा सोलंकी, शक्तिपालसिंह काबा ने नामांकन किए। वहीं महासचिव के लिए किरण वैष्णव, संतोष राव और संयुक्त सचिव के लिए नरेश कुमार ने नामांकन किया।