सिरोही

Good News: राजस्थान सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, यहां डबल सर्किट बिजली लाइन स्वीकृत, खर्च होंगे 2 करोड़

मौजूदा समय में अनादरा से माउंट आबू तक बिजली लाइन दशकों पुरानी हैं। माउंट में नवीन व्यावसायिक निर्माण व कनेक्शन बढ़ने से लोड काफी बढ़ गया, जो पुरानी बिजली लाइन झेल नहीं पा रही थी।

2 min read
Jun 23, 2025
ग्राम पंचायत जांबुडी में जीएसएस स्थापना को स्वीकृति। फोटो- पत्रिका

राजस्थान सरकार ने ब्लॉक के पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू के लिए नवीन डबल सर्किट बिजली लाइन व ग्राम पंचायत जांबुडी में जीएसएस स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है। आठ पंचायतों वाले जनजाति बहुल भाखर में यह दूसरा जीएसएस होगा, जिससे इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतरीन होगी।

गौरतलब है कि डिस्कॉम कार्यालय आबूरोड की ओर से माउंट और जांबुडी के लिए स्कीम बनाकर स्वीकृति के लिए उच्च स्तर पर भिजवाई गई थी। इन कार्यों पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

वन विभाग से 12 साल में स्वीकृति मिली

डिस्कॉम ने वर्ष 2012 में अनादरा से माउंट आबू के लिए डबल सर्किट बिजली लाइन बिछाने के लिए वन विभाग से स्वीकृति मांगी थी, क्योंकि जहां से बिजली लाइन ले जानी थी, वह वन क्षेत्र था। वन विभाग से बिजली लाइन के लिए स्वीकृति में करीब 12 साल लग गए। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही साढ़े पांच किलोमीटर लंबी बिजली लाइन का कार्य शुरू करवाया जाएगा, जिस पर 2 करोड़ 20 लाख खर्च होंगे।

दशकों पुरानी बिजली लाइन, लोड बढ़ा

मौजूदा समय में अनादरा से माउंट आबू तक की बिजली लाइन दशकों पुरानी हैं। बीते सालों में माउंट में नवीन व्यावसायिक निर्माण व कनेक्शन बढ़ने से लोड काफी बढ़ गया, जो पुरानी बिजली लाइन झेल नहीं पा रही थी। इससे बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही थी। आने वाले दिनों में उच्च क्षमता की नवीन बिजली लाइन का कार्य पूरा होने पर माउंट में बिजली समस्या काफी कम हो जाएगी।

नए जीएसएस के लिए प्रयास

माउंट आबू में वर्तमान में एक ही जीएसएस है। जमीन के अभाव में दूसरा जीएसएस स्थापित नहीं हो पा रहा। लाखों पर्यटकों, स्थानीय व्यवसायियों व महत्वपूर्ण व्यक्तियों के आवागमन को देखते हुए हिल स्टेशन पर बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने व मौजूद जीएसएस पर लोड कम करने के लिए एक और जीएसएस के लिए जमीन की उपलब्धता के लिए डिस्कॉम की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। यदि शीघ्र जमीन मिल जाए तो नवीन जीएसएस स्थापित हो सकता है।

यह वीडियो भी देखें

जांबुडी से 35 किलोमीटर एरिया कवर होगा

ग्राम पंचायत जांबुडी में नए जीएसएस निर्माण पर 2 करोड़ 83 लाख रुपए व्यय होंगे, जिससे करीब 35 किलोमीटर क्षेत्र दानबोर, पाबा, बोसा, मीन तलेटी, पाबा, जांबुडी समेत अन्य गांव और फलियों (ढाणियों) में जनजाति वर्ग के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी।

उन्हें खेत में सिंचाई में दिक्कत नहीं होगी। मौजूदा समय में करीब 50 किलोमीटर दूर निचलागढ़ पंचायत स्थित जीएसएस से आ रही बिजली लाइन से जांबुडी में बिजली आपूर्ति हो रही है। इससे वोल्टेज की समस्या रहती है और तकनीकी खराबी होने पर बड़े क्षेत्र में बिजली काटनी पड़ती है।

इन्होंने कहा

जांबुडी में जीएसएस निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए हैं। अनादरा से माउंट आबू तक डबल सर्किट बिजली लाइन को स्वीकृति मिली है। टैंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर कार्य शुरू करवाया जाएगा। विभाग ने इन दोनों क्षेत्रों के लिए स्कीम बनाकर उच्च स्तर पर भेजी थी।

  • शहजाद खान, अधिशासी अभियंता, डिस्कॉम कार्यालय, आबूरोड शहर
Also Read
View All

अगली खबर