मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने 17 सितम्बर को द्वितीय रोजगार उत्सव के दौरान पूरे राजस्थान में इसकी शुरूआत की गई है।
Maa Voucher Scheme in Rajasthan: मुख्यमंत्री मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क सोनोग्राफी की सौगात मिलना शुरू हो गई है। योजना की शुरूआत के पहले दिन जिले के सभी ब्लॉकों में गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क सोनोग्राफी के लिए कूपन दिए गए। इन कूपनों से गर्भवती महिलाएं अधिकृत 14 निजी सोनोग्राफी केन्द्रों पर नि:शुल्क सोनोग्राफी करा सकेंगी। इन सभी निजी सोनोग्राफी केन्द्रों को कूपनों के जरिए सरकार भुगतान करेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने 17 सितम्बर को द्वितीय रोजगार उत्सव के दौरान पूरे राजस्थान में इसकी शुरूआत की गई है। योजना के तहत गर्भवती महिला की दूसरी या तीसरी तिमाही में गर्भावस्था के दौरान कम से कम एक सोनोग्राफी नि:शुल्क कराई जाएगी।
सीएमएचओ ने बताया कि हर महीने की 9, 18 एवं 27 तारीख को प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जिला अस्पताल पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान पीएमएसएमए दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इन दिवसों पर राजकीय चिकित्सा संस्थाओं पर चिकित्सा विशेषज्ञ से एएनसी जांच कराने आने वाली गर्भवती महिलाओं में से जो महिलाएं द्वितीय या तृतीय तिमाही में चल रही होंगी, उनकी कम से कम एक सोनोग्राफी जांच नि:शुल्क करवाए जाने के लिए बजट घोषणा इस वर्ष की गई थी।
उसकी पालना में मां वाउचर योजना अब सभी जिलों में ऑनलाइन लागू की जा रही है, ताकि गर्भावस्था में होने वाली संभावित जटिलताओं का समय पूर्व पता लगाकर निदान प्रबंधन किया जा सके और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। जहां सरकारी अस्पतालों में सोनोग्राफी जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। वहां निजी सोनोग्राफी सेंटर पर गर्भवती महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।