सिरोही

VIDEO जर्मनी में प्यार हुआ और सिरोही के डोडूआ गांव के भुवनेश्वर मंदिर में रचाई शादी, जानिए कैसे…

सात समन्दर पार से आई विदेशी दुल्हन को देखने उमड़ा गांव
less than 1 minute read
sirohi
sirohi

सिरोही. कहते हैं कि प्यार जात-पांत या दूरी कुछ भी नहीं देखता। कुछ ऐसा ही रिश्ता गुरुवार को सिरोही जिले के डोडूआ गांव से जुड़ गया। जहां सात समन्दर पार से आई विदेशी दुल्हन इरीयानी ने डोडूआ गांव के धीरेन त्रिवेदी के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से शादी रचाई।
दरअसल, दुल्हन इरीयानी यूक्रेन की रहने वाली है और आईटी इंजीनियर हैं और दूल्हा सिरोही जिले के डोडूआ गांव का रहने वाला है और वह भी आईटी इंजीनियर हैं। दोनों जर्मनी में एक कम्पनी में पिछले कुछ साल से साथ काम कर रहे हैं। काम के दौरान एक-दूसरे के सम्पर्क में आए और प्यार हो गया। युवक की इच्छा थी कि वह हिन्दू रीति रिवाज से अपने गांव में ही शादी करे। इसके लिए प्रेमिका से पूछा तो वह सहज राजी हो गई।
दो दिन पहले दुल्हन इरीयानी अपने माता-पिता और निकट के रिश्तेदारों के साथ सिरोही जिले के डोडूआ गांव पहुंची। जहां भुवनेश्वर मंदिर में गुरुवार शाम इरीयानी और धीरेन परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता और निकट के रिश्तेदारों के अलावा गांव के लोग ंमौजूद रहे। विदेशी दुल्हन को देखने ग्रामीण उमड़ पड़े। हर कोई यह कहता नजर आया कि छोरा होतो ऐसा...सात समन्दर पार से दुल्हन ले आया। दूल्हे के रिश्तेदार जतिन ने बताया कि शादी को लेकर गांव में गजब का उत्साह देखा गया। सभी ने सहयोग किया और दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। इस दौरन विक्रमसिंह, प्रवीणसिंह, उत्तमसिंह, सूरजपालसिंह , गोवाराम सरगरा आदि मौजूद थे।

Updated on:
22 Feb 2019 11:54 am
Published on:
22 Feb 2019 11:54 am