सिरोही

अविश्वास प्रस्ताव पेश करने में शामिल सदस्य भी लापता

जिला परिषद रोहिड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज
2 min read
Aug 20, 2018
sirohi
sirohi


सिरोही/रोहिड़ा. जिला प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने वालों में शामिल सदस्य भी लापता हो गया है। ऐसे में परिजनों ने रोहिड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाईहै।
इससे पहले जिला परिषद की एक महिला सदस्य की गुमशुदगी कालन्द्री पुलिस थाने में दर्ज हो चुकी है। ऐसे में अब जिला परिषद के दो सदस्य लापता हो गए हैं। जबकि, अविश्वास प्रस्ताव पर मंगलवार को चर्चा और वोटिंग होना निर्धारित है। लेकिन जिला परिषद के एक-एक करके सदस्यों का गायब होना और पुलिस थाने तक गुमशुदगी रिपोर्ट पहुंचने के बाद कईसवाल खड़े हो गए हैं।
थाना प्रभारी भगवतसिंह ने बताया कि उबागरा वालोरिया निवासी दिनेश गमेती पुत्र चन्दाराम गमेती ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई धन्नाराम गमेती जिला परिषद वार्ड संख्या-१६ से सदस्य है। जो दो दिन पूर्व घरेलू कार्य से पिण्डवाड़ा जाने का कहकर निकले थे। वहीं उनका मोबाइल भी घर पर पड़ा हुआ है। जो अब तक वापस घर नहीं पहुंचा। ऐसे में रोहिड़ा व पिण्डवाड़ा के अलावा रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की, लेकिन कोईपता नहीं चल पाया। पुलिस ने गुमशुदगी रिपोर्र्ट दर्ज कर तलाश शुरू की।
गौरतलब है कि १० अगस्त को देर शाम सत्ताधारी भाजपा के छह जिला परिषद सदस्यों ने कांग्रेस के एक सदस्य के साथ मिलकर जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया केे खिलाफ जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभम चौधरी को अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। जिसमें जिला परिषद सदस्य धन्नाराम गमेती भी शामिल था।
भाजपा के ही सदस्य गुम!
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होने से पहले की भाजपा के जिला परिषद सदस्य एक-एक कर गायब हो रहे हैं। अब तक भाजपा के दो सदस्य तो गायब हो चुके हैं।
जादुई आंकड़ा जरूरी
जिला परिषद के कुल सदस्यों के तीन चौथाई बहुमत से अविश्वास प्रस्ताव पास होना जरूरी है। जिला परिषद में कुल २१ सीट है। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में १६ सदस्य मतदान करेंगे तो ही प्रस्ताव पास होगा।
एक साथ गुमशुदगी रिपोर्ट!
जिला परिषद के दो सदस्यों की गुमशुदगी को लेकर कालन्द्री व रोहिड़ा थाना पुलिस के पास शनिवार को ही रिपोर्ट पहुंच गई थी। कालन्द्री थाना पुलिस ने तो शनिवार देर रात गुमशुदगी दर्ज कर ली, लेकिन रोहिड़ा थाना पुलिस ने रविवार को एमपीआर दर्ज की। गौरतलब है कि जिला परिषद के वार्ड आठ से सदस्य गिरिजा कंवर की गुमशुदगी रिपोर्ट पति भवानीसिंह डोडूआ ने १८ अगस्त को कालन्द्री थाने में दर्ज कराई थी।

Published on:
20 Aug 2018 09:45 am