सिरोही

VIDEO शरद महोत्सव 2018 : घुंघुरूओं की खनक से गूंजी शीतल वादियां

माउंट आबू (सिरोही). पर्यटन स्थल माउंट आबू में पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्स्व का शनिवार को शोभायात्रा के साथ रंगारंग आगाज हुुआ।
2 min read
sirohi
sirohi

माउंट आबू (सिरोही). पर्यटन स्थल माउंट आबू में पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्स्व का शनिवार को शोभायात्रा के साथ रंगारंग आगाज हुुआ। पेट्रोल पंप से विशाल शोभायात्रा को मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अनुपमा जोरवार, एडीएम आशाराम डूडी, उपखंड अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, यूआईटी सचिव कुशल कोठारी, तहसीलदार अनूप सिंह, पालिका अध्यक्ष सुरेश थिंगर, उपाध्यक्ष अर्चना दवे, पर्यटन अधिकारी भैरों सिंह चौहान व पार्षदगणों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवानगी दी।
शोभायात्रा के दौरान लोकगीतों, संगीत की स्वर लहरियों के साथ सड़कों पर थिरकते लोक नर्तकों की घुंघुरूओं की खनक से आबू की शीतल वादियां सराबोर हो उठी। शोभायात्रा में सबसे आगे बैंड पार्टी के साथ शृंगारित घोड़ों पर सवार लोक कलाकार हाथों में महोत्स्व का बैनर लिए चल रहे थे। उनके पीछे अन्य घुड़सवार रंगबिरंगे झंडे, अपने वाद्ययंत्रों को बजाते घोड़ों पर चल रहे थे। शृंखलाबद्ध चली शोभायात्रा में कलाकार कलाओं का जादू बिखेरते लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेे।

कलाकारों ने किया मंत्रमुग्ध
शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने कालबेलिया नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। घूमर, कच्छी घोड़ी, गरबा, रास नृत्य, अलगोजा, सूफी सॉंग्स, बैल नृत्य, बंजारा-बंजारी नृत्य की प्रस्तुतियां दाद देने योग्य रही।

शोभायात्रा में झलकी लोक संस्कृति
शोभायात्रा पेट्रोलपंप से आरंभ होकर कोलडिपो, बस स्टैंड, रोटरी सर्कल, चाचा म्यूजियम, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, मस्जिद मार्ग होते हुुए अर्बुदा चौक पहुंची। जहां से पुन: वापस नक्की चौक होते हुए गांधीवाटिका नक्की झील पहुंची।

पर्यटकों का जगह-जगह स्वागत
माउंट आबू प्रवेशद्वार वाहनकर नाके से लेकर नक्की झील तक सैलानियों का जगह-जगह राजस्थानी कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हुए उनका स्वागत किया गया।

दर्शकों ने की हौसला अफजाई
लोक नर्तक अपनी परंपरागत शैली में नृत्यों का जादू बिखेरते यात्रा के साथ जहां-जहां से गुजरे, सड़क के दोनों ओर दर्शकों का जन सैलाब तालियों की जोरदार गडगड़़ाहट कर उनकी हौसला अफजाई करता रहा। होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की छतों से लेकर बुद्धाफाल उद्यान तक लोगों का हजूम उमड़ पड़ा। यात्रा के नक्की झील पहुंचने पर कलाकारों ने क्रमबार प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों की खूब दाद लूटी।

छायाकारों में रही होड़
विदेशी छायाकारों समेत बड़ी संख्या में पर्यटकों की पूरे कार्यक्रम में कलाकारों के प्रदर्शन को अपने कैमरों में कैद करने की होड़ लगी रही।

प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
शरद महोत्सव के तहत शनिवार शाम को पोलोग्राउंड में हुई प्रतियोगिता में प्रतियोगियों ने दमखम दिखाया। जिसके तहत मेहंदी माण्डणा में सोमनाथ की मीनाक्षी ठक्कर प्रथम, माउंट आबू की शिवानी द्वितीय व अहमदाबाद की रविना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फुटबाल मैच में पर्यटक बनाम स्थानीय टीम के मध्य हुए मैच में 4-3 से पर्यटक विजयी रहे। फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता में करणसिंह गेहलोत, तरूणसिंह परमार, रविराणा क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। म्यूजिकल चेयर में बीना लोहार माउंट आबू, सुनीती जैन मुंबई व सुनयना अजमेर ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। फोटो प्रदर्शनी में सुनील आचार्य, म्यूजिकल चेयर में मांगीलाल काबरा, फुटबॉल प्रतियोगिता में गजेंद्रसिंह देवड़ा ने निर्णायक रहे।

Published on:
30 Dec 2018 11:34 am