गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता से समाज निर्माण

ब्रह्माकुमारी संगठन के ज्ञान सरोवर में मीडिया सम्मेलन के समापन

less than 1 minute read
Jun 07, 2016

गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण कर सकती है। मूल्यों की स्थापना के पुनीत कार्य को पूर्ण करने के लिए मीडियाकर्मियों को ब्रह्माकुमारी संगठन के महायज्ञ में सहभागी बनने में प्राथमिकता देनी चाहिए। नवराष्ट्र निर्माण के लिए मीडियाकर्मी कलम की ताकत का सही इस्तेमाल करते हुए सामाजिक भेदभाव मिटाने में अहम योगदान दे सकते हैं। यह बात सोमवार को ब्रह्माकुमारी संगठन के ज्ञान सरोवर में मीडिया सम्मेलन के समापन सत्र में एक दैनिक के संपादक व शिक्षाविद् राजेश राजोरे ने कही।
मीडिया प्रभाग अध्यक्ष बीके करुणा ने कहा कि देश के सकारात्मक बदलाव को लेकर मीडियाकर्मी दायित्वों पर खरा तभी उतर सकते हैं जब वे स्वयं को नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण करने का संकल्प लेकर समाज के समक्ष उदाहरणमूर्त बनेंगे। राजयोग के अभ्यास से मानसिक शक्तियां जागृत होती हैं।
मीडिया प्रभाग राष्ट्रीय संयोजक बीके सुशांत की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावना के तहत मीडियाकर्मियों ने एकमत से प्रस्ताव पारित करते हुए संकल्प लिया कि वे राष्ट्र निर्माण के महायज्ञ में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय मीडिया विषय पर आयोजित सम्मेलन में छह खुले सत्र, दो संवाद सत्र, चार राजयोग अनुभव सत्रों में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि मीडिया लोगों के प्रति संवदेनशील बने। समय रहते सामाजिक मुद्दों को पूर्ण जिम्मेवारी से उठाए। प्रभाग के मुख्यालय संयोजक बीके शांतनू, प्रदीप भट्टाचार्य, डॉ. सुशील उपाध्याय, ऊषा शर्मा, नरेंद्र राठौड़, कविकुमार नवुदुरी, देवेंद्र शर्मा, अशोक चतुर्वेदी, राधाकृष्णन, वीरेंद्र परिहार, डॉ. संतोष गुप्ता, बीके गंगाधर व पीस ऑफ माइंड चैनल समाचार संयोजक बीके कोमल आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में काजल डांस ग्रुप आगरा, डिवाइन एंजिल ग्रुप बेलगाम, डॉयमंड डांस ग्रुप बिलासपुर, हैरी शैरी ग्रुप पटियाला, शिवशक्ति सांस्कृतिक अकादमी व नटराजन नृत्यशाला बेंगलूरु आदि कलाकारों ने प्रस्तुतियों से सहभागियों का मनोरंजन किया।

Published on:
07 Jun 2016 08:22 am
Also Read
View All