
- सड़क किनारे क्षतिग्रस्त संकेतक
आबूरोड. गुजरात से आने वाले सैलानियों को माउंट तथा रेवदर जाने के लिए चेक पोस्ट से तरतोली व खड़ात मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिसका कारण शहर में आए दिन लगने वाले जाम से कुछ राहत मिले। इसी कारण कई पर्यटक वाहन भी इन्हीं सड़कों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इन दोनों सड़कों की हालत खराब होने से वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। दीपावली तथा थट्री फस्ट पर माउंट आबू में पर्यटन सीजन के दौरान तो शहर के मुख्य मार्ग के साथ दोनों सड़कों पर वाहनों की रेलमपेल लग जाती है। ऐसे में शहर से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। खड़ात की सड़क जर्जर होने से वाहन चालकों व यात्रियों को हिचकोले खाने को विवश होना पड़ता है। ऑवरब्रिज के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण पर्यटकों को रात के समय में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लीकेज से भरता है पानी
खड़ात से तरतोली तथा मुदरला की ओर जाने वाले मार्ग पर बने रेलवे अंडरब्रिज के नीचे की सड़क तो खस्ताहाल है ही अंडरब्रिज में क्षतिग्रस्त पाइप लाईन तथा नालियों का पानी भर जाता है,जिससे राहगीरों व दुपहिया वाहन चालकों के लिए भी आवाजाही करना दुश्वार हो जाती है। इन दोनों मार्गों पर पर्यटक वाहनों के साथ भारी व ओवरलोड सवारी वाहनों की आवाजाही भी रहती है। खड़ात, तरतोली व लुनियापुरा मार्ग से क्षमता से अधिक सवारियां भरकर गुजरने वाले फोर व्हीलर ऑटोए टैक्सियों एवं भारी वाहनों से अन्य वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
क्षतिग्रस्त संकेतक
सार्वजनिक निर्माण विभाग ने राह से गुजरने वाले यात्रियों के लिए संकेतक बोर्ड लगवाएं है, लेकिन काफी समय से क्षतिग्रस्त होकर धुल में दबे नजर आ रहे है, सड़क के किनारे झाडिय़ा खड़ी है, लेकिन इसको नहीं कटवाया जा रहा है।