Sirohi News: राजस्थान में फर्जी दिव्यांग व टीएसपी प्रमाणपत्रों से सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में एसओजी ने 44 कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसमें सिरोही जिले के भी 6 जने शामिल हैं।
Sirohi News: राजस्थान में फर्जी दिव्यांग व टीएसपी प्रमाणपत्रों से सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में जयपुर में हुई मेडिकल जांच के बाद एसओजी ने 44 कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसमें सिरोही जिले के भी 6 जने शामिल हैं। खास बात यह कि इनमें दो यूपी के मूल निवासियों ने भी फर्जी दिव्यांग प्रमाणत्र बनवाकर सिरोही जिले के आबूरोड में नौकरी हासिल कर ली।
इसके अलावा जालोर व पाली के कर्मचारी भी हैं। गत दिनों एसएमएस मेडिकल कॉलेज में की गई जांच में इनकी दिव्यांगता निर्धारित मानक से कम पाई गई। इसके बाद अब तीन दिन पहले एसओजी ने मामला दर्ज किया है।
एसएमएस में मेडिकल जांच के दौरान प्रदेशभर में फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए नौकरी लगे कर्मचारियाें की मेडिकल जांच की गई। उस दौरान 38 कर्मचारियों की जांच की गई थी। जबकि अन्य आरोपी मेडिकल जांच के लिए उपस्थित नहीं हुए थे। एसओजी ने उन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
फर्जी दिव्यांगता व टीएसपी प्रमाण-पत्र से सरकारी नौकरी प्राप्त करने के मामले सामने आने पर आबूरोड ब्लॉक में एक शिक्षिका की नियुक्ति पहले ही निरस्त की जा चुकी है। वहीं एक अन्य शिक्षक बार-बार निर्देश के बाद भी अपनी दिव्यांगता की जांच नहीं करवा रहा और विद्यालय से अनुपस्थित चल रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक, महेंद्र नानीवाल के अनुसार भैसासिंह राउमावि के शिक्षक हेमंत सिंह को नियुक्ति के बाद की दिव्यांगता जांच के लिए बार-बार विभाग की ओर से निर्देशित किया है। लेकिन वह जांच नहीं करवा रहा। वह विद्यालय से अनुपस्थित चल रहा है। उसने न्यायालय में रिट लगाई थी, जो खारिज हो चुकी है।
टीएसपी प्रमाण पत्र की जांच रिपोर्ट के आधार पर सियावा की माताफली राजकीय विद्यालय में तृतीय श्रेणी शिक्षिका विनोद कंवर की नियुक्ति निरस्त की जा चुकी है। इधर, एसओजी ने भी सिरोही समेत प्रदेशभर के अन्य जिलों में फर्जी दिव्यांग प्रमाण-पत्र से सरकारी विभागों में नौकरी पाने वाले कर्मचारियों व अभ्यर्थियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
एसओजी ने प्रदेशभर के 44 कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें सिरोही, पाली, जालोर सहित कई जिलों के कर्मचारी शामिल हैं। सिरोही जिले के भैसासिंह स्कूल में शिक्षक हेमंत सिंह, नागौर निवासी सियावा आबूरोड स्कूल में शिक्षिका विनोद कंवर, यूपी हाल आबूरोड निवासी प्रशांत सिंह, सांतपुर निवासी उदयपुर के कोटड़ा में ग्राम विकास अधिकारी पवन कुमार, रेवदर ब्लॉक में विकास अधिकारी सत्यपाल सिंह, यूपी हाल आबूरोड नियासी मोहित सिंह शामिल हैं।