
एआई फोटो
सिरोही। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों के लिए राहतभरी खबर है। नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों को दूध से पोषण मिलेगा। मिड-डे-मील आयुक्तालय ने पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत मिल्क पाउडर का आवंटन जारी कर दिया है। योजना के तहत सिरोही जिले को अप्रेल से सितंबर 2026 तक 84 हजार 285 किलोग्राम मिल्क पाउडर आवंटित किया गया है। इससे जिले के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्री-प्राइमरी से कक्षा आठवीं तक के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
यह वीडियो भी देखें
योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना तथा उनके पोषण स्तर में सुधार करना है। स्कूलों में दूध वितरण शुरू होने से विद्यार्थियों में उत्साह है, वहीं अभिभावक भी इसे सरकार की सकारात्मक पहल मान रहे हैं। जिले में वर्तमान में 408 राजकीय प्राथमिक तथा 211 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। गत सत्र में कई स्कूलों में मिल्क पाउडर नहीं पहुंचा था। इस बार सितंबर तक का आवंटन कर दिया गया है।
राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन आरसीडीएफ के माध्यम से विद्यालयों तक मिल्क पाउडर की डोर स्टेप डिलीवरी की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई विद्यालयवार सूची और छात्र संख्या के आधार पर सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे स्कूलों को समय पर मिल्क पाउडर उपलब्ध हो सकेगा और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।
मिड-डे-मील आयुक्त ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यालयवार मांग पत्र तैयार कर शीघ्र आरसीडीएफ को भेजें। मांग पत्र बनाते समय विद्यालय में उपलब्ध वर्तमान स्टॉक, औसत छात्र उपस्थिति और कार्य दिवसों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि मिल्क पाउडर की गणना केवल पांच के गुणांक में ही की जाएगी।
अधिकारियों ने आवश्यकता से अधिक स्टॉक जमा नहीं करने की हिदायत दी है, ताकि मिल्क पाउडर खराब होने या दुरुपयोग की स्थिति न बने। सभी प्रस्ताव एमएस एक्सेल प्रारूप में ई-मेल के जरिए आरसीडीएफ को भेजे जाएंगे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सरकारी स्कूलों में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत सिरोही जिले को अप्रेल से सितंबर तक 84 हजार 285 किलोग्राम मिल्क पाउडर आवंटित किया गया है। इसका लाभ राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्री-प्राइमरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा। आरसीडीएफ के माध्यम से विद्यालयों तक डोर स्टेप डिलीवरी की जाएगी। विद्यालयवार मांग पत्र तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों को अतिरिक्त स्टॉक नहीं रखने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि मिल्क पाउडर का दुरुपयोग या खराब होने की स्थिति न बने।
Published on:
25 May 2026 04:14 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
