
राजस्थान के सिरोही जिले में एक सांसद, एक राज्यमंत्री, एक जिला प्रमुख और चार पंचायत समितियों में प्रधान होने के बावजूद भाजपा को पंचायजीराज चुनाव में मिली करारी शिकस्त ने पार्टी संगठन को भीतर तक झकझोर दिया है। हालात यह हैं कि इतने बड़े जनादेश के बाद भी हार की जिम्मेदारी लेने को कोई आगे नहीं आ रहा है। जिले में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि यह कांग्रेस की धमाकेदार जीत से ज्यादा भाजपा की करारी हार है। चुनाव परिणामों ने जनप्रतिनिधियों और संगठन के कामकाज पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनता की नाराजगी का असर मतदान में साफ नजर आया।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में जनसुनवाई का अभाव, प्रशासनिक स्तर पर आमजन के काम नहीं होना, जमीनी -सक्रिय कार्यकर्ताओं की अनदेखी, अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की अनदेखी, विकास कार्यों के प्रति उदासीनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलना हार के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। जनता की नाराजगी धीरे-धीरे बढ़ती रही, लेकिन संगठन और जनप्रतिनिधि समय रहते इसका आकलन नहीं कर पाए। नतीजतन पंचायतीराज चुनाव में जिला परिषद से लेकर पंचायत समिति तक पार्टी पिछड़ गई।
बताया जा रहा है कि भाजपा में जमीनी स्तर पर सक्रिय और प्रभावशाली कार्यकर्ताओं को संगठन में अपेक्षित जिम्मेदारियां नहीं मिलीं। वहीं, नगर और ग्रामीण स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए भी प्रभावी प्रयास नजर नहीं आए। चुनाव के दौरान इसका असर पार्टी के संगठनात्मक आधार पर दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं में समन्वय की कमी और स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी पार्टी के लिए चुनौती बनी।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के निर्वाचन क्षेत्र सिरोही विधानसभा के सिरोही, शिवगंज और कालंद्री पंचायत समिति क्षेत्रों में भाजपा की करारी हार ने पार्टी नेतृत्व के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवगंज में स्थिति यह रही कि भाजपा विपक्ष में बैठने की स्थिति में भी नहीं है। यहां कांग्रेस ने 17 सीटें जीतीं, जबकि दो निर्दलीय भी विजयी हुए। सिरोही पंचायत समिति में भी भाजपा का परंपरागत गढ़ इस बार कांग्रेस के हाथों में चला गया। राज्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का कमजोर प्रदर्शन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिला परिषद के अलावा जिले की आठ पंचायत समितियों में से भाजपा महज रेवदर में ही बोर्ड बनाने की स्थिति में है। हालांकि, यहां भी प्रधान पद के तीन से चार दावेदार सामने आने से पार्टी के भीतर चयन की चुनौती है। दावेदारों के बीच सहमति नहीं बनने पर क्रॉस वोटिंग का भी खतरा बन सकता है। ऐसे में बहुमत मिलने के बावजूद प्रधान का चयन भाजपा के लिए चुनौती बना हुआ है। जिले में मिली इस करारी हार के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधि चुनाव परिणामों से सबक लेकर आत्ममंथन करेंगे या फिर हार के कारणों और जवाबदेही के सवालों को नजरअंदाज कर दिया जाएगा।