सिरोही

विभागीय ढिलाई से रामपुरा का आरओ प्लांट अनुपयोगी

विद्युत कनेक्शन का इंतजार
less than 1 minute read
sirohi
sirohi

सिरोही. सरकारी योजनाओं की धीमी चाल जनता की उम्मीदों पर पानी फेर देती है। ऐसा ही शहर से लगते रामपुरा गांव के लोगों के साथ हो रहा है। जिला मुख्यालय से मात्र दो किलोमीटर दूर स्थित रामपुरा गांव शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहा है। अमृत जल परियोजना के तहत लगा आरओ प्लांट कागजी कार्यवाही में शुरू नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने करीब 2 महीने पहले पंचायत की ओर से चिह्नित जगह पर आरओ प्लांट लगाया लेकिन विद्युत कनेक्शन नहीं होने से पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है। हालांकि प्लांट लगने के बाद चार-पांच दिन अस्थाई रूप से विद्युत कनेक्शन जोड़ा गया था। ग्रामीणों को पानी भरने के लिए कार्ड भी बांटे लेकिन कनेक्शन कटने के बाद आरओ प्लांट पिछले कई दिनों से बंद है। यह कार्ड भी घरों में शो-पीस बन गए हैं।

150 का कार्ड 200 में!
शंकरलाल, डायालाल, मंछाराम, कमलेश माली, हीदाराम, मंगलसिंह, कृष्णपालसिंह, जब्बरसिंह आदि ने बताया कि प्लांट बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही, विभागीय कर्मचारी पर कार्ड के 150 रुपए की बजाय 200 रुपए लेने का आरोप लगाया। करीब 300 कार्ड बांटे गए हंै। ग्राम पंचायत की ओर से सफाई नहीं होने से आसपास कीचड़ फैला है। पास ही स्वच्छता का स्लोगन लिखा है।

विद्युत कनेक्शन नहीं होने से प्लांट बंद है। ठेकेदार को दो बार अवगत भी करवा दिया। दो महीने होने वाले हैं, लोग परेशान हैं। हमने केवल जमीन चिह्नित की थी। सारी जिम्मेदारी पीएचईडी की है।
- मनीषा बंसल, सरपंच, रामपुरा

बिजली कनेक्शन की डिमांड राशि जमा करवा दी है। विद्युत निगम कनेक्शन करे तो हम तो कल से शुरू कर देते हैं। कार्ड के अधिक पैसे लेने का मामला मेरे ध्यान में नहीं है। मालूम करवाता हूं।
- विष्णुराम गर्ग, एईएन, पीएचईडी, सिरोही

Published on:
22 Dec 2018 11:52 am