सिरोही

SIROHI मृत बकरियों पर छिड़का जहर, मांस खाने से पैंथर की मौत, जानिए कैसे…

- दो गिरफ्तार
less than 1 minute read
sirohi
sirohi

सिरोही. रेंज के वन खण्ड राजल डाबेला में पिछले दिनों पैंथर की मौत के मामले में वन विभाग की टीम ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि पैंथर ने बकरियां मार दीं। इससे गुस्सा होकर मृत बकरियों पर जहर छिड़कर जंगल में छोड़ दिया। इन्हें खाने से पैंथर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रेंज के वन खण्ड राजल डाबेला में वन कार्मिकों की नियमित गश्त के दौरान गोइली भागली पौधरोपण क्षेत्र में बदबू आने पर खोज की गई। पहाडिय़ों के बीच एक पैंथर मृत पाया गया। इस पर तुरंत क्षेत्रीय वन अधिकारी तेजाराम राठौड़ को सूचित किया गया। सूचना पर उप वन संरक्षक संग्रामसिंह कटियार एवं सहायक वन संरक्षक गौरव गर्ग मौके पर पहुंचे एवं उनके निर्देशन में मेडिकल बोर्ड ने पैंथर का पोस्टमार्टम किया। बोर्ड में डॉ.भास्कर चौधरी, डॉ. अरुण खत्री, डॉ. संजू ढाका थे।
मंगलवार को मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट अनुसार पैंथर को जहर देकर मारना सामने आया। इस पर वन अधिकारियों ने संदेह पर मोटाल निवासी गणेशराम व रावताराम पुत्र हवाराम रेबारी के घर की तलाशी ली। इस दौरान गणेशराम के घर के पीछे से ट्राईसेल जहर की डिब्बी मिली जिनमें 50 एमएल जहर बरामद किया। पूछताछ करने पर बताया कि 8 जनवरी को पैंथर ने उनकी बकरियां मार दी थीं। इस पर मृत बकरियों पर जहर छिड़कर जंगल में डाल दिया।

Published on:
15 Jan 2019 09:40 pm