
बदलते दौर में जहां आर्थिक लेनदेन से लेकर सामाजिक रिश्तों तक में व्यक्तिगत हित हावी होते जा रहे हैं, वहीं सिरोही जिले के मंडार का दाऊदी बोहरा समाज अपनी अनूठी परंपराओं, आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रहा है। समाज में ब्याज लेने और देने दोनों से परहेज किया जाता है। यहां तक कि बैंक में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज को भी स्वीकार नहीं करने की परंपरा है। इतना ही नहीं, समाज का कोई व्यक्ति नया कारोबार शुरू करना या मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाना चाहे तो उसे समाज की ओर से ब्याज मुक्त आर्थिक सहयोग भी मिलता है। समाज के अधिकांश लोग देश-विदेश में व्यवसाय करते हैं, लेकिन आज भी सामाजिक जुड़ाव और अपनी परंपराओं को सहेजे हुए है। यही सामूहिकता इस समाज को अलग पहचान देती है।
दाऊदी बोहरा समाज में धर्मगुरु के निर्देशानुसार ब्याज लेने और देने दोनों से परहेज किया जाता है। समाज के लोग आर्थिक लेनदेन में इसका पालन करते हैं। यहां तक कि बैंक में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज को भी स्वीकार नहीं करने की परंपरा है। इसका उद्देश्य आर्थिक व्यवहार को ब्याज मुक्त रखते हुए आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
समाज में किसी व्यक्ति को कारोबार शुरू करना हो या मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाना हो तो उसे बिना ब्याज के आर्थिक सहयोग दिया जाता है। निर्धारित समय पर संबंधित व्यक्ति यह राशि वापस लौटाता है, ताकि समाज के अन्य जरूरतमंद भी इसका लाभ ले सकें। इससे युवाओं और कारोबारियों को आर्थिक संबल और ब्याज पर कर्ज लेने की मजबूरी से राहत मिलती है। इससे समाज में आत्मनिर्भरता और विश्वास को मजबूती मिलती है।
समाज ने पेयजल के लिए भी अपनी अलग व्यवस्था कर रखी है। मंडार में समाज के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए स्वयं की पेयजल लाइन और पानी की टंकी बनाई गई है। वर्षों से इसका संचालन समाज अपने स्तर पर कर रहा है। बिजली के लिए सोलर प्लांट भी लगाया है।
समाज की एक और विशिष्ट परंपरा सामूहिक भोजन की है। मुल्ला जूजर भाई मद्रासवाला बताते हैं कि देश-विदेश में रहने वाले समाजबंधुओं का एक समय के भोजन का मेन्यू समान होता है। भामाशाहों के सहयोग से भोजन तैयार होता है और परिवार के सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। इससे खानपान में समानता, परिवारों के बीच संवाद और आपसी जुड़ाव मजबूत होता है।
मंडार में समाज के पुराने मकान आज भी अपनी पारंपरिक स्थापत्य शैली के लिए खास हैं। लकड़ी की छतों, दरवाजों और खिड़कियों पर की गई बारीक नक्काशी पुराने समय की कारीगरी और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाती है। समाज कमेटी आपसी समस्याओं और सामाजिक मामलों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लेती है।
बोले समाजबंधु
दाऊदी बोहरा समाज में धर्मगुरु के निर्देशानुसार ब्याज लेना और देना दोनों वर्जित माना जाता है। बैंक में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज को भी स्वीकार नहीं करने की परंपरा का पालन किया जाता है।
-शेख सैफुद्दीन भाई, मंडार
समाज का कोई व्यक्ति व्यवसाय शुरू करना चाहे या कारोबार बढ़ाना चाहे तो उसे बिना ब्याज के आर्थिक सहयोग दिया जाता है। राशि लौटाने के बाद दूसरे जरूरतमंद को भी इसका लाभ मिल सके, ऐसी व्यवस्था है।
-शेख जूजर भाई एवं शेख खुजेमा भाई, समाज कमेटी सेक्रेटरी व ज्वाॅइंट सेक्रेटरी