
नया सानवाड़ा. क्षेत्र में एक कृषि कुएं पर शनिवार को आग लगने से करीब 20 ट्रोली चारा जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार आस-पास के 10 जनों का चारा कृषि कुएं पर संग्रहित किया हुआ था। इसमें आग लग गई। लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। सूचना के बाद दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। सरपंच ईश्वरसिंह दहिया व वार्ड पंच दिलीपसिंह राणावत मौके पर पहुंचे। आग से चुन्नीलाल सुथार, बाबूलाल सुथार, छोगालाल, निम्बाराम, सरूपाराम, राजाराम, रूपाराम, हुसैन खान व अम्बालाल सैन का चारा जल गया।
बस की सफाई करते समय टायर के नीचे दबने से चालक की मौत
दांतराई. रेवदर थाना क्षेत्र के हरणी अमरापुरा में शनिवार को बस की सफाईकरते समय टायर के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। दांतराई चौकी प्रभारी हजाराम मारू ने बताया कि हरणी अमरापुरा निवासी गंगासिंह पुत्र छतरसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी कि उसका छोटा भाई शैलसिंह (35) करीब दो साल से आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक रेवदर की बस चलता है।स्कूल की छुट्टी होने पर बस को कृषि कुएं पर खड़ा किया हुआ था। ऐसे में शैलसिंह बस की साफ-सफाई कर रहा था। इस दौरान ढलान में खड़ी बस रवाना हो गई। जिससे वह टायर के नीचे दब गया। ऐसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। दांतराई के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया।