सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी जोरों पर
सिरोही. अपराधों पर नियंत्रण रखने व शहर के चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए अभय कमांड योजना के तहत शहर को सीसीटीवी कैमरों की जद में लाने की कवायद तेज हो गई है। यहां पोल लगने के बाद अब वायरिंग की जा रही है।
इसका सैटअप लगाने वाली कम्पनी के लोगों का दावा है कि चार माह में शहर कैमरों की निगरानी में होगा। इस योजना के तहत शहर में करीब तीन सौ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। जिससे शहर में चौबीस घंटे निगरानी की जा सके। स्थान का चयन के बाद कम्पनी की ओर से पोल लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क पर केबलिंग का कार्य हो रहा है, इसके बाद पोलों पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे।
कंट्रोल रूम भी तैयार
अभय कमांड योजना के तहत जिला कंट्रोल रूम के पास नया भवन बनाया गया है। यहां पूरे कमरे में सैटअप तैयार किया जा रहा है। यहां कम्प्यूटर व टीवी लगाए जाएंगे और चार पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरों से शहर की निगरानी रखेंगे। इसी स्थान पर वायरलेस सैट भी होगा। किसी गड़बड़ी देखे जाने पर कंट्रोल रूम में बैठे पुलिसकर्मी गश्ती दल के पुलिसकर्मियों को सूचना देंगे। इसमें 24 घंटे 12 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जिसमें 4 सर्विलांस और 8 डेटा कलेक्शन का काम करेंगे।
पूरा शहर जद में
शहर में करीब ३०० सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। शहर के बाहरीघाटा से लेकर आदर्श नगर हाइवे तथा परिवहन विभाग से लेकर सीएमएचओ कार्यालय तक कैमरे के प्वाइंट तय किए हैं। इससे शहर के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रहेगी। इसमें चौराहे, अस्पताल, विद्यालय, बाजार, मुख्य मार्ग, भीड़भाड़ वाला इलाका, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्र भी शामिल है।
&अभय कमांड योजना के तहत शहर में कैमरे लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों से शहर की निगरानी की जाएगी।
ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक, सिरोही
डीजल से भरा टैंकर पलटा, बर्तनों में भरकर ले गए ग्रामीण
सिरोही. मगरीवाड़ा बस स्टैण्ड के पास बुधवार को डीजल से भरा टैंकर पलट गया। इसमें चालक घायल हुआ तथा काफी मात्रा में डीजल बह गया। मंडार थाने के एएसआई भागीरथसिंह ने घायल को सार्वजनिक चिकित्सालय पहुंचाया। उदयपुर के बेकरिया थाने के पिलका निवासी चालक रमेश पुत्र केसाराम गरासिया ने बताया कि वह जामनगर से डीजल भरकर वरमाण (मंडार) डिपो पर आया था। उसे डीजल किशनगढ़ खाली करने का परमिट दिया गया।उसकी तबीयत खराब होने पर वह टैंकर लेकर उपचार के लिए मगरीवाड़ा जा रहा था। सामने से तेज गति से आए ट्रोले से अचानक संतुलन बिगड़ गया। टैंकर पलटने की जानकारी मिली तो लोग घर के बर्तन लेकर दौड़ते नजर आए।